CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन हल्‍की बारिश के आसार, अब भी सामान्य से 15% कम गिरा पानी, जानें मौसम का हाल

CG Weather Today: प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. फिलहाल मानसून सक्रिय बना हुआ है, लेकिन अब तक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है.
Cg weather update

छत्तीसगढ़ में मौसम

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. फिलहाल मानसून सक्रिय बना हुआ है, लेकिन अब तक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है.

बारिश के आंकड़े अब भी सामान्य से कम

1 जून से 9 जुलाई के बीच राज्य में 242.8 मिमी (करीब 9.5 इंच) वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में औसतन 284.6 मिमी (करीब 11.2 इंच) बारिश होनी चाहिए थी. इस तरह अब तक लगभग 15 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है. शुक्रवार को दुर्ग में सबसे अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम सिस्टम का बना हुआ है असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी प्रभावी है. इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. हालांकि, अगले 24 घंटों में इसके कमजोर होने की संभावना है. वहीं, उत्तर भारत से गुजर रही मानसून ट्रफ का असर भी छत्तीसगढ़ के मौसम पर बना हुआ है, जिसके कारण कई इलाकों में बारिश की स्थिति बनी रहेगी.

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है.

एक सप्ताह में सुधरी बारिश की स्थिति

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून के अंतिम सप्ताह और जुलाई की शुरुआत में प्रदेश में वर्षा की कमी 40 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई थी. हालांकि, बीते एक सप्ताह के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश होने से स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है और कमी घटकर 15 प्रतिशत रह गई है. यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो छत्तीसगढ़ जल्द ही सामान्य वर्षा की श्रेणी में लौट सकता है.

ये भी पढे़ं- CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और वज्रपात को लेकर IMD ने जारी किया अलर्ट

ज़रूर पढ़ें