Bilaspur News: मां को लगी झपकी, खेलते-खेलते गायब हुआ 2 साल का केशव, अगले दिन पुल के नीचे मिला शव

Bilaspur News: यह पूरा मामला बालको थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, मृतक केशव के माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और इसी से अपना जीवनयापन करते हैं. बुधवार को केशव के माता-पिता रोज की तरह लाल घाट पर काम पर गए हुए थे. वे अपने दो वर्षीय मासूम बच्चे केशव को भी साथ ले गए थे.
symbolic image

सांकेतिक तस्वीर

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक ऐसी दुखद घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. बालको थाना क्षेत्र के ढेंगुरनाला पुल के नीचे गुरुवार को रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार बरेठ के दो वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, मृतक केशव बुधवार से लापता था, जिसके बाद उसके परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे. एक दिन बाद गुरुवार को जैसे ही परिजनों को केशव का शव पुलिया के नीचे पड़ा मिला, तो परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कैसे और कब हुआ हादसा?

यह पूरा मामला बालको थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, मृतक केशव के माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और इसी से अपना जीवनयापन करते हैं. बुधवार को केशव के माता-पिता रोज की तरह लाल घाट पर काम पर गए हुए थे. वे अपने दो वर्षीय मासूम बच्चे केशव को भी साथ ले गए थे. काम पूरा होने के बाद दोनों केशव को लेकर ढेंगुरनाला के पास एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए रुके. खबरों के अनुसार, पिता दिनेश कुमार पेड़ से कुछ दूर जाकर खड़े हो गए, जबकि मां पेड़ के नीचे ही बैठकर केशव को दूध पिला रही थी.

दिनभर काम करने के कारण मां थकी हुई थी, जिससे उसे वहीं पेड़ के नीचे नींद आ गई. पुलिस के अनुसार, जैसे ही मां की आंख लगी केशव खेलते-खेलते वहां से गायब हो गया. जब मां की आंख खुली तो उसने देखा कि दूर-दूर तक केशव दिखाई नहीं दे रहा है. इसके बाद माता-पिता ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने भी केशव को काफी ढूंढा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका.

ये भी पढ़ें-दुर्ग में शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 1000 करोड़ की ठगी, 1500 लोगों को बनाया शिकार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मासूम की मौत से इलाके में सनसनी

गुरुवार की शाम को स्थानीय लोगों ने ढेंगुरनाला पुल के नीचे पानी में एक बच्चे का शव पड़ा हुआ देखा. सूचना मिलने पर आस-पास के कई लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद बालको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और केशव के माता-पिता से उसकी पहचान कराई. शव देखते ही परिजनों ने केशव को पहचान लिया, जिसके बाद उनकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.