दतिया उपचुनाव: घनश्याम सिंह होंगे कांग्रेस उम्मीदवार, प्रदेश संगठन ने आलाकमान को भेजा था एक ही नाम
कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा सीट से कांग्रेस ने उम्मीदवार उतार दिया है. कांग्रेस ने घनश्याम सिंह के नाम का ऐलान किया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद महा सचिव केसी वेणुगोपाल ने घनश्याम सिंह के नाम का ऐलान किया.
दतिया से पहले भी रह चुके हैं विधायक
मध्य प्रदेश संगठन ने घनश्याम सिंह का सिंगल नाम दिल्ली भेजा था. जिसे आलाकमान ने मंजूरी दे दी. घनश्याम सिंह पहले दतिया से विधायक रहे हैं. लेकिन बाद में सेवढ़ा शिफ्ट हो गए थे. साल 2023 में दतिया के पड़ोस की सीट सेवढ़ा से घनश्याम सिंह चुनाव हार गए थे. घनश्याम सिंह दतिया राजघराने से ताल्लुक रखते हैं.

आशुतोष तिवारी से होगी टक्कर
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है. जिसके बाद दतिया में बीजेपी नेताओं ने काफी ज्यादा विरोध किया गया. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने राजपूत चेहरे को टिकट दिया है. ऐसे में दतिया सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. घनश्याम सिंह ग्वालियर-चंबल में जाना-माना चेहरा हैं और कांग्रेस नेताओं में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है.
दतिया हाई प्रोफाइल सीट बनी
दतिया सीट पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एफडी में हेराफेरा के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने 3 साल की सजा सुनाई थी. जिसके बाद राजेंद्र भारती की विधायकी रद्द कर दी गई थी. इसी के साथ दतिया पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव करवाने का ऐलान किया था. इसके बाद राजेंद्र भारती ने हाई कोर्ट में याचिका लगाई थी, लेकिन वहां भी भारती को राहत नहीं मिली और याचिका खारिज कर दी गई. जिस दिन हाई कोर्ट में राजेंद्र भारती की याचिका खारिज हुई, उसी दिन बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर दिया. जबकि इसके पहले तक बीजेपी की तरफ से नरोत्तम मिश्रा का नाम पर चर्चा थी और उनका चुनावी मैदान में उतरना लगभग तय माना जा रहा था. लेकिन ऐन मौके पर पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा का नाम काटकर आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान कर दिया.
नरोत्तम मिश्रा का नाम कटने के साथ दतिया सीट पर उपचुनाव से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ गई है. अब बीजेपी के ब्राह्मण चेहरे के सामने कांग्रेस ने राजपूत चेहरे को मैदान में उतारा है. ऐसे में दतिया की सीट हाई प्रोफाइल सीट बन गई है. अब सबकी निगाहें 30 जुलाई को होने वाली वोटिंग पर है. जिसका रिजल्ट 3 अगस्त को आएगा. वहीं नामांकन भरने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है.