क्या हिमाचल सचिवालय में लागू होगा 5 डे वर्किंग? सीएम ने दिया बड़ा संकेत
कर्मचारियों की सीएम सुक्खू से मांग
Himachal Secretariat Employees: हिमाचल प्रदेश सचिवालय के कर्मचारियों ने एक बार फिर हफ्ते में सिर्फ पांच दिन काम करने की मांग उठाई है. कर्मचारियों का कहना है कि देश के कई राज्यों और केंद्र सरकार के दफ्तरों में पहले से ही पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू है, इसलिए हिमाचल में भी यही व्यवस्था लागू की जानी चाहिए. कर्मचारियों की इस मांग पर सीएम ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है. लेकिन, यह भरोसा दिलाया है कि उनके हक में ही फैसला लिया जाएगा.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात के दौरान कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांग विस्तार से रखी. उन्होंने कहा कि दो दिन का साप्ताहिक अवकाश मिलने से कर्मचारियों को परिवार के साथ समय बिताने, मानसिक तनाव कम करने और बेहतर कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद मिलेगी.
सीएम मोहन ने कर्मचारियों से क्या कहा?
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी इस मांग पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और सभी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद उचित फैसला लिया जाएगा. कुल मिलाकर अगर आने वाले दिनों में सीएम कर्मचारियों की इस मांग पर अपनी सहमति जाहिर करते हैं. तो यह भी तय है कि कर्मचारियों को 6 के बजाय 5 दिन ही काम करना होगा.
किन मांगों के साथ सीएम से मिले कर्मचारी
बैठक में कर्मचारियों ने अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की. सरकार की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और संवाद के माध्यम से सभी लंबित मामलों को सुलझाने का प्रयास होगा.
फिलहाल पांच दिन के कार्य सप्ताह को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. अब कर्मचारियों की नजर राज्य सरकार के अगले फैसले पर टिकी है, क्योंकि इस मांग के पूरा होने से हजारों सचिवालय कर्मचारियों को सीधा लाभ मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: ‘वंदे मातरम्’ के अपमान पर होगी सख्ती! सरकार ला सकती है नया कानून, क्यों खास है मानसून सत्र