NEET मुद्दे पर संसद में हंगामा, अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के बीच हुई तीखी बहस
केसी वेणुगोपाल और अखिलेश यादव
Akhilesh and KC Venugopal: NEET पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे को लेकर बुधवार को लोकसभा में विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है. इसी दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव नाराज नजर आए. उनका आरोप था कि सदन में कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं को अपनी बात रखने का मौका दिया गया, लेकिन समाजवादी पार्टी को बोलने का अवसर नहीं मिला है. यही वजह रही कि दोनों के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली.
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि जब यह मामला देश के युवाओं और छात्रों से जुड़ा है, तो सभी विपक्षी दलों को अपनी बात रखने का समान मौका मिलना चाहिए. उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताई कि उनकी पार्टी की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है.
किसके बीच हुई लोकसभा में बहस?
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और अखिलेश यादव के बीच बातचीत हुई. रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच NEET मुद्दे पर रणनीति और मांगों को लेकर बहस हुई. अखिलेश का कहना था कि छात्रों पर हुई कार्रवाई का जवाब पहले मिलना चाहिए, जबकि इस्तीफे जैसे मुद्दों पर बाद में चर्चा की जा सकती है.
विपक्ष ने सरकार से मांगा पूरे मामले पर जवाब
NEET विवाद को लेकर विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है. विपक्षी नेताओं का आरोप है कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए. वहीं सरकार की ओर से कहा गया है कि वह संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है.
इस पूरे घटनाक्रम से विपक्षी खेमे के अंदर भी मतभेद सामने आए हैं. जहां सभी दल NEET मामले पर सरकार को घेर रहे हैं, वहीं सदन में बोलने के अवसर और आंदोलन की रणनीति को लेकर नेताओं के बीच अलग-अलग राय दिखाई दे रही है.
ये भी पढ़ें:LIVE: ‘शांतिपूर्ण नहीं था CJP का प्रोटेस्ट…’, HC में सुनवाई के दौरान केंद्र की दलील