मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों ने कहा- बिना बताए कर दी एंजियोप्लास्टी, हादसे में टूटी थी पैर की हड्डी
मृतक महिला
Haryana Hospital Angioplasty Death Case: हरियाणा के पानीपत में इलाज को लेकर एक ऐसा विवाद सामने आया है, जिसने चिकित्सा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सड़क हादसे में घायल हुई एक महिला को परिजन पैर की टूटी हड्डी का इलाज कराने अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन परिवार का आरोप है कि अस्पताल ने बिना उनकी जानकारी और लिखित अनुमति के महिला के दिल की एंजियोप्लास्टी कर स्टेंट डाल दिया. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के अनुसार, मृतका के बेटे ने बताया कि उनकी मां सड़क हादसे में घायल हुई थीं. उनके पैर में फ्रैक्चर था. इसी वजह से उन्हें पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने भरोसा दिलाया था कि केवल ऑर्थोपेडिक उपचार किया जाएगा. जल्द ही महिला स्वस्थ होकर घर लौट आएंगी.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि अगले दिन उन्हें बताए बिना महिला के दिल की जांच के बाद एंजियोप्लास्टी कर दी गई. इसके साथ ही हार्ट में स्टेंट भी लगाया गया. उनका कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया के लिए न तो परिवार की सहमति ली गई और न ही उन्हें पहले से इसकी जानकारी दी गई.
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी महिला की हालत
परिवार का दावा है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आखिर में उनकी मौत हो गई. इसके बाद जब उन्होंने अस्पताल प्रशासन से सवाल किए तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अस्पताल की ओर से परिजनों पर दबाव बनाने और धमकाने जैसी बातें भी कही गईं.
पुलिस ने किया मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-29 थाना पुलिस ने संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड, ऑपरेशन से जुड़े दस्तावेज तथा सहमति पत्र की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:‘आधी रात को सजती थी पत्नी’… पति ने मांगा तलाक, हाईकोर्ट ने दिया चौंकाने वाला जवाब