कांग्रेस की टीम में अखिलेश यादव! दतिया उपचुनाव में सपा के समर्थन से बदलेगा समीकरण?
जीतू पटवारी और अखिलेश यादव
SP Congress Alliance Datia Bypoll: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज शाम चुनावी शोरगुल थम जाएगा. उपचुनाव के लिए मतदान का समय जितना करीब आ रहा है, उतना ही रोचक होता जा रहा है. दतिया में कांग्रेस का साथ देने के लिए समाजवादी पार्टी भी मैदान में उतर आई है. समाजवादी पार्टी के कई नेता चुनावी मैदान में देखे गए हैं. अब देखना यह होगा कि सपा के समर्थन से कांग्रेस पार्टी को कितना फायदा मिलता है?
दरअसल, दतिया उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना उम्मीदवार न उतारकर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है. जानकारी के अनुसार, यह फैसला सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर लिया गया है. जिससे क्षेत्र में विपक्षी समीकरण मजबूत हो सके. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने समर्थन देने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से फोन पर बात भी है और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
ST, SC और OBC वोटरों को साधने का प्रयास
वहीं, जीतू पटवारी ने सपा का समर्थन मिलने के बाद कहा कि अखिलेश यादव ने बदलाव के लिए कांग्रेस को समर्थन दिया है. दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को सपा का समर्थन मिलने के बाद मुकाबला काफी रोचक हो गया है. इस चुनाव में मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) से भी कोई प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं है. ऐसे में माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी एसटी, एससी और ओबीसी के वोटों को साधने का प्रयास कर सकती है, जिसका फायदा कांग्रेस को मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ेंः चुनावी संग्राम के बीच CM मोहन यादव का अनोखा अंदाज, चाय-समोसे का लिया जायका
30 जुलाई को होना है मतदान
फिलहाल, यहां कड़ा मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है. वहीं दतिया में आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दमोदर यादव भी चुनावी मैदान में हैं. अब देखना यह होगा कि कौन कितना कमाल दिखा पाता है. 30 जुलाई को मतदान होना है, जिसके परिणाम 3 अगस्त को आएंगे.