मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में दर्दनाक हादसा, आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत, 5 घायल
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
MCB News: छत्तीसगढ़ जिले के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां में दर्दनाक हादसा हो गया. आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं, इस प्राकृतिक आपदा में अन्य 5 लोग झुलस गए. घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. जिनका इलाज जारी है.
धान रोपाई के दौरान गिरी बिजली
बताया जा रहा है कि खड़गवां ब्लॉक के अंतर्गत शिवपुर गांव के लोग खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे. इसी दौरान मौसम में बदलाव हुआ और तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई. इस वजह से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कई ग्रामीण घायल हो गए. इस आपदा की वजह से लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. वहीं, ग्राम पंचायत मंगोरा में मवेशी चराने गए एक व्यक्ति पर आकाशीय बिजली गिर गई. इस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
आकाशीय बिजली से बचने के लिए क्या करें?
- प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने के लिए कहा है.
- खेतों या खुले मैदान में काम करना पड़े तो सावधान रहना चाहिए.
- आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है तो पेड़ के नीचे ना खड़े हों क्योंकि ये बिजली को आकर्षित करते हैं.
- शेड वाली जगहों पर जाने की कोशिश करें. मुमकिन हो तो पक्की इमारतों की शरण लें.
- नदी, तालाब, पोखर और दूसरे जलाशय से दूर रहना चाहिए. इसके साथ ही धातु के सामान (लोहे की वस्तुएं, लोहे छड़ आदि) से दूरी बनाए रखना चाहिए.
- बिजली गिरने जैसी स्थिति में जमनी पर दोनों पैरों की एड़ियों को आपस में जोड़कर और घुटनों को छाती से लगाकर उकड़ू बैठ जाएं.