Gwalior: मजिस्ट्रेट की चेकिंग कार्रवाई, CMHO की गाड़ी से हटाए हूटर, फॉर्च्‍यूनर लेकर भागने वाले युवक का कटा चालान

Gwalior News: मजिस्ट्रेट की निगरानी में चलाए गए विशेष यातायात जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई.
Hooter removed from CMHO's vehicle.

CMHO की गाड़ी से हटाए हूटर

Gwalior News: ग्वालियर के गोविंदपुरी चौराहे पर बुधवार शाम मजिस्ट्रेट की निगरानी में चलाए गए विशेष यातायात जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई. इस दौरान बिना नंबर की एक फॉर्च्यूनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा. भागने की कोशिश में एक एक्टिवा सवार उसकी चपेट में आते-आते बच गया और उसे हल्की चोट आई. पुलिस ने पीछा कर वाहन को जब्त किया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

अचानक चला सघन जांच अभियान

अभियान के दौरान गोविंदपुरी चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई. वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी ली गई. अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बन गया.

बिना नंबर की फॉर्च्यूनर पर कार्रवाई

जांच के दौरान पकड़ी गई फॉर्च्यूनर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी. वाहन की तलाशी लेने पर उस पर ‘विधायक’ लिखी एक नेम प्लेट भी मिली. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन बिना नंबर के क्यों चलाया जा रहा था और नेम प्लेट का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था.

सीएमएचओ की गाड़ी से हटाया गया हूटर

इसी अभियान में ग्वालियर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) की ड्यूटी में लगी एक गाड़ी पर अवैध रूप से हूटर लगा मिला. पुलिस ने संबंधित चालक से इसकी वैध अनुमति मांगी, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके. इसके बाद मौके पर ही हूटर हटाकर वाहन का चालान किया गया. ट्रैफिक थाना प्रभारी धनंजय शर्मा ने बताया कि शासन के नियमों के तहत केवल अधिकृत श्रेणी के वाहनों को ही हूटर लगाने की अनुमति होती है.

यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई

इसके अलावा काली फिल्म लगे वाहनों, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले चालकों, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई.

अभिभावकों से की गई अपील

मजिस्ट्रेट भूपेंद्र सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे ड्राइविंग लाइसेंस बनने से पहले बच्चों को वाहन न चलाने दें. उन्होंने कहा कि तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं और ऐसी दुर्घटनाओं से होने वाली क्षति की भरपाई संभव नहीं होती.

ये भी पढे़ं- मुरैना में यातायात नियमों की अनदेखी! वैन में क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाया जा रहा, हादसे की आशंका

ज़रूर पढ़ें