दतिया में बीजेपी के साथ हो गया खेल? एग्जिट पोल में कांग्रेस के घनश्याम सिंह की जीत तय
Datia Vidhan Sabha exit-poll: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के वोटिंग हो चुकी है. अब हर किसी को 3 अगस्त का इंतजार है जब चुनाव नतीजे सामने आएंगे. लेकिन इन सब के बीच यह जानना चाहते हैं कि आखिर दतिया में कौन बाजी मारने वाला है. इसी को लेकर रुद्रा रिसर्च का एग्जिट पोल सामने आ गया है, जिसने बीजेपी की टेंशन बढ़ा दी है.
रुद्रा रिसर्च का एग्जिट पोल के अनुसार दतिया में कांग्रेस के घनश्याम सिंह चुनाव जीत सकते हैं. जबकि बीजेपी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी दूसरे नंबर पर रह सकते हैं. वहीं, आजाद समाज पार्टी (ASP) के उम्मीदवार दामोदर यादव भी मुकाबले में असर डालते नजर आ रहे हैं.
कुल मिलाकर यह एग्जिट पोल सच साबित होता है तो इस सीट पर बीजेपी की तमाम रणनीति फेल होती नजर आ रही हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि बीजेपी ने यहां से पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मौका दिया था, जिसके बाद जमकर बवाल देखने को मिला था.
किसको कितना मिलेगा वोट?
रुद्रा रिसर्च के एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है. इनके मुताबिक कांग्रेस को 44% वोट मिल सकते हैं. बीजेपी को 39% वोट मिल सकते हैं. मतलब यह कि हार जीत में 5 प्रतिशत का ही अंतर रहने वाला है. इस पोल के मुताबिक आजाद समाज पार्टी भी ठीक-ठीक वोट हासिल कर सकती है. अब देखना होगा कि यह पोल कितना सटीक साबित बैठता है. बहरहाल हर किसी को 3 अगस्त का इंतजार है.
नरोत्तम की जगह आशुतोष ने लड़ा था चुनाव
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के ऐलान के बाद यह तय माना जा रहा था कि बीजेपी यहां से नरोत्तम मिश्रा को ही मैदान में उतारेगी. इसके पीछे की एक वजह यह भी थी कि वे यहां से 3 बार विधायक चुनकर आए थे. साल 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. उस समय हार का अंतर बहुत कम था. इसी के बाद माना जा रहा था कि नरोत्तम ही यहां से चुनाव लड़ेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
बीजेपी ने रणनीति में बदलाव करते हुए संघ से जुड़े हुए आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था. इसके बाद जमकर बवाल हुआ. भले ही बीजेपी ने दावा किया कि अब कुछ कंट्रोल कर लिया गया है. लेकिन एग्जिट पोल सामने आने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि कुछ भी कंट्रोल नहीं हुआ.
ये भी पढ़ें:IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन को उम्र कैद, पुलिस ने की थी फांसी की मांग