रोजी-रोटी की तलाश में कश्मीर गए थे सक्ती जिले के दीपक रात्रे, आतंकियों ने गोली मारकर ली जान, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
कुलगाम आतंकी हमले में सक्ती जिले के दीपक की मौत, गांव में पसरा मातम
Sakti Deepak Ratre: जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में स्थित केलम इलाके में आंतकियों ने गोली मारकर छत्तीसगढ़ के दो लोगों की हत्या कर दी. इनमें से एक सक्ती जिले के रहने वाले दीपक रात्रे थे, जो रोजी-रोटी की तलाश में वहां गए थे. इस दुखद घटना ने पूरे परिवार दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ईंट-भट्टे में मजदूरी कर रहे थे
दीपक सक्ती जिले के बुंदेली गांव के रहने वाले थे. जानकारी के अनुसार कश्मीर में स्थित केलम क्षेत्र में ईंट-भट्टे में काम कर रहे थे. बताया जा रहा है कि शुक्रवार (31 जुलाई) को वे काम कर रहे थे. इसी दौरान वहां आतंकी पहुंचे और नाम एवं पहचान की जानकारी ली. इसके बाद अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. आतंकियों की इस नापाक हरकत में दीपक की मौत हो गई. जैसे ये जानकारी उनके गांव तक पहुंची मातम पसर गया.
मामा के घर रहकर की पढ़ाई
दरअसल, दीपक ने जैजैपुर स्थित मामा के घर रहकर पढ़ाई की थी. इसकी बाद उनकी शादी भी उन्हीं के घर से हुई थी. जानकारी के मुताबिक लगभग एक साल पहले उनकी शादी हुई थी. इसके बाद वे काम-काज की तलाश में जम्मू कश्मीर चले गए. उनके साथ पत्नी और भाई भी गए थे. दीपक की मौत के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.
ये भी पढ़ें: कश्मीर में पहलगाम जैसा हमला! कुलगाम में आतंकियों ने नाम पूछकर मारी गोली, छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत
शव लाने में जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस कायराना हरकत पर दुख जताया है. पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद की बात कही है. प्रशासन मृतक दीपक के पार्थिव शरीर को लाने में जुट गया है. प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. परिजनों ने छत्तीसगढ़ एवं जम्मू कश्मीर सरकार से आर्थिक मदद की मांग की है ताकि दीपक पर आश्रित परिजनों का भविष्य सुरक्षित हो सके.