महिला और उसके प्रेमी को बेल्ट से पीटा, फिर पति-देवर ने हाईवे पर घुमाकर बिजली के खंभे से बांधा, पीड़िता बोली- 5 साल से है अफेयर
पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को पीटा
MP News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से एक बेहद ही हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया. आरोप है कि महिला के पति ने अपने भाई और एक अन्य रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों को पकड़ा और इसके बाद उनके साथ बेल्ट और ट्यूब से मारपीट की गई, रस्सी से हाथ बांध दिए गए और गांव के साथ-साथ हाईवे पर सार्वजनिक रूप से घुमाया गया. इस दौरान युवक के कपड़े भी उतरवा दिए गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो सामने आने के बाद खुला मामला
जानकारी के मुताबिक घटना ठीकरी थाना क्षेत्र के बरूफाटक इलाके की है. वायरल वीडियो में महिला और युवक के हाथ रस्सी से बंधे दिखाई दे रहे हैं. दोनों को पहले एक घर के पीछे झाड़ियों के पास खड़ा रखा गया. इसके बाद भीड़ उन्हें धमकाते हुए पैदल चलने के लिए मजबूर करती है. ग्रामीण हूटिंग करते हुए दोनों को गांव से होते हुए हाईवे तक ले जाते हैं. बारिश के बीच करीब 500 से 700 मीटर तक उन्हें पैदल चलाया गया और बाद में एक मैदान में ले जाकर लोगों की भीड़ के बीच खड़ा कर दिया गया.
सरपंच और पुलिस ने कराया मुक्त
वीडियो सामने आने के बाद गांव के सरपंच और ठीकरी पुलिस मौके पर पहुंचे. दोनों को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया. इलाज के बाद पुलिस ने महिला और युवक के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
महिला ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. उसका आरोप है कि पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था. इसी प्रताड़ना से परेशान होकर वह करीब एक माह पहले मायके चली गई थी. बाद में उसने मगरखेड़ी में किराये का कमरा लिया और निमरानी की एक कंपनी में मजदूरी करने लगी.
महिला ने यह भी बताया कि रविवार रात उसका पति, देवर और एक अन्य व्यक्ति कमरे पर पहुंचे और उसके साथ मौजूद रिश्तेदार को लेकर विवाद करने लगे. इसके बाद दोनों को बांधकर पीटा गया. महिला ने स्वीकार किया कि पिछले पांच वर्षों से उसका उस रिश्तेदार के साथ प्रेम संबंध है.
तीनों आरोपी फरार
एसडीओपी महेश सुनय्या ने बताया कि महिला और युवक को कनासपुरा से पैदल आरसी बरूफाटक स्टेडियम तक ले जाया गया था. महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, देवर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों की पहचान प्रकाश मुजाल्दे, घनश्याम मुजाल्दे और गोलू जाधव के रूप में हुई है. तीनों फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है.