जबलपुर-ग्वालियर समेत 24 जिलों की महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष घोषित, भोपाल-इंदौर पर नहीं बनी सहमति
एमपी कांग्रेस मुख्यालय
MP Political News: कांग्रेस पार्टी ने 24 महिला जिला कांग्रेस अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी है. राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति के बाद महिला प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने ऑफिशियल ऐलान कर दिया है. इन नियुक्तियों के बारे में कहा जा रहा है कि इससे कांग्रेस के संगठन को मजबूती मिलेगी. आगामी पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव के लिए अहम माना जा रहा है.
किन्हें मिली जिम्मेदारी?
ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में महिला नेताओं की नियुक्तियां की गई हैं. ज्योति सिंह को ग्वालियर शहर, प्रियंका सोनी को जबलपुर शहर, अर्चना दहिया को जबलपुर ग्रामीण, हेमलता सिंह को सतना ग्रामीण, विजय लक्ष्मी को रीवा ग्रामीण, रजनी वर्मा को कटनी शहर, ममता कुशवाह को मुरैना शहर, मंजू सिकरवार को मुरैना ग्रामीण, यासमीन शेरानी को रतलाम शहर, रानी देवड़ा को रतलाम ग्रामीण, डॉ. किरणलता सोनी को सागर शहर, ऋचा सिंह को सागर ग्रामीण, कुमुदिनी सिंह को सीधी शहर, शालिनी श्रीवास्तव को सिंगरौली शहर, शांति कुशवाह को भिंड शहर की जिम्मेदारी दी गई है.
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा जी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीना बौरासी जी ने मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलाध्यक्ष का मनोनयन किया है।
— MP Congress (@INCMP) August 4, 2026
आप सभी को हार्दिक बधाई-शुभकामनाएं। pic.twitter.com/UIQykxVmjm
वहीं, श्रुति बघेल को देवास ग्रामीण, दीपा मिश्रा को मैहर, प्रीति माहेश्वरी को धार, सरला सिसोदिया को छिंदवाड़ा, अधिवक्ता नेहा छावरे को होशंगाबाद, गौरी कटारा को झाबुआ, नीतू सिंह राजपूत को विदिशा, राखी सतारवाला को मंदसौर और कृष्णा राठौर को श्योपुर की कमान सौंपी गई है.
भोपाल-इंदौर पर नहीं बनी सहमति
संगठन स्तर पर बड़े जिलों में कांग्रेस ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग अध्यक्ष नियुक्त किए है. इस घोषणा से स्पष्ट होता है कि पार्टी विस्तार के साथ-साथ समन्वय का प्रयास भी कर रही है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में चुनौतियों से निपटने के लिए संगठन में बदलाव कर रही है. एक पार्टी ने 24 जिलों में महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं. वहीं, भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम जिलों के लिए सहमति नहीं बन पायी है.