Gwalior News: ग्वालियर में 21 करोड़ की साइबर ठगी! मशहूर CA को क्रिप्टो का झांसा देकर बनाया शिकार, BJP नेता गिरफ्तार
ग्वालियर ठग/ इमेज सोर्स- विस्तार न्यूज
Gwalior News: ग्वालियर के जाने-माने CA अशोक विजय वर्गी से 21 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में राज्य साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई की है. साइबर सेल की टीम ने शाजापुर जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता जगदीश मालवीय “फौजी” को गिरफ्तार किया है.जगदीश के खाते में ठगी की रकम के 50 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे.
क्या है पूरा मामला ?
मामला दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच का है.आरोपियों ने CA अशोक विजयवर्गीय को क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया था.विश्वास में लेकर उनसे अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई.कुल 21 करोड़ रुपये की ठगी की गई.रकम इधर-उधर घुमाने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया गया. जांच दौरान साइबर सेल को पता चला कि ठगी की रकम शाजापुर के भाजपा नेता जगदीश मालवीय के खाते में भी पहुंची है.
जांच के दौरान मिला संदिग्ध ट्रांजैक्शन
खातों की जांच में जगदीश के खाते में करीब ढाई करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिला.इसके बाद साइबर सेल की टीम शाजापुर पहुंची और जगदीश मालवीय को हिरासत में लेकर ग्वालियर ले आई.पूछताछ में जगदीश ने कई अहम खुलासे किए.उसने बताया कि यह ठगी एक इंटर स्टेट म्यूल खातों के गैंग द्वारा की गई है.गैंग के लोग अलग-अलग राज्यों में लोगों के खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम ट्रांसफर कराते हैं और फिर उसे क्रिप्टो या दूसरे माध्यमों से बाहर भेज देते हैं.
पुलिस ने मामला किया दर्ज
साइबर सेल अधिकारियों के मुताबिक, जगदीश मालवीय इस गैंग के लिए म्यूल खाता उपलब्ध कराने का काम करता था.उसके खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम को आगे बढ़ाने में किया गया. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गैंग के मास्टरमाइंड और बाकी सदस्यों तक पहुंचा जा सके.पुलिस ने जगदीश के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
ये भी पढ़ें:ब्राह्मणों के सहारे यूपी की सत्ता में वापसी की तैयारी! नई रणनीति से सपा कितना बदल पाएगी सियासी समीकरण?