संसद में हंगामा पड़ा भारी! 10 दिन में 7 हजार मिनट बर्बाद, अब ‘केरलम’ बिल पर नजर
संसद
Parliament Monsoon Session: संसद का मॉनसून सत्र इस बार काफी हंगामेदार रहा है. ज्यादातर समय सत्र स्थगित ही रहा है. पक्ष और विपक्ष के बीच हुए टकराव की वजह से अब तक सत्र ठीक ढंग से नहीं चल पाया है. मॉनसून सत्र की शुरुआत 27 जुलाई से हुई थी. लेकिन, इतने दिन बीत जाने के बाद भी केवल सदन में 188 मिनट ही प्रभावी कामकाज दर्ज किया गया है. इसी आधार पर देखा जाए तो दस दिनों में लोकसभा के लगभग 7023 मिनट कामकाज से बाहर रहे हैं.
लोकसभा की तुलना में राज्यसभा में इन दस दिनों के दौरान ज्यादा कार्यवाही हुई है. राज्यसभा ने करीब 1,046 मिनट काम किया गया है. फिर भी उपलब्ध समय का पूरा उपयोग नहीं हो सका. इसके पीछे की वजह पक्ष और विपक्ष का टकराव है.
हंगामे के बीच कई ऐसे मुद्दे भी सदन में विस्तार से नहीं उठ पाए, जिन पर कार्य मंत्रणा समिति में चर्चा की सहमति बनी थी. वहीं कुछ जरूरी विधेयकों को भी बेहद कम समय में पारित किया गया, जिससे संसद में सार्थक बहस को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
हर मिनट का खर्च भी बड़ा सवाल
सदन की कार्यवाही बाधित होने का असर केवल काम पर ही नहीं पड़ता है. बल्कि संसद चलाने पर होने वाले खर्च का मुद्दा भी सामने आता है. पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने सदन में कहा था कि संसद की कार्यवाही के प्रत्येक मिनट पर लगभग 2.5 लाख रुपये खर्च होते हैं.
अगर पाल के दिए गए हिसाब से मानें तो एक दिन की कार्यवाही का खर्च करीब 9 करोड़ रुपये तक बैठता है. उन्होंने सांसदों से हंगामा छोड़कर अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने की अपील की थी. मतलब यह कि संसद में हर मिनट संसद में ढाई लाख रुपये खर्च हो रहे हैं. इसके बाद भी ठीक से कार्यवाही नहीं हो पा रही है.
अमित शाह पेश करेंगे केरलम से जुड़ा विधेयक
संसद में गतिरोध के बीच केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में चार नए विधेयक पेश करने की तैयारी में है. इनमें केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ किए जाने से संबंधित विधेयक भी शामिल है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस विधेयक को सदन में पेश करेंगे.
अब संसद के मानसून सत्र के कुछ ही दिन बाकी हैं. ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध खत्म होगा. बचे हुए समय में सदन में महत्वपूर्ण मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा हो पाएगी.
ये भी पढ़ें:Live: झारखंड विधानसभा के पास पहुंचे प्रदर्शनकारी छात्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज