Barwani News: CM मोहन यादव 14 अगस्त को आएंगे बड़वानी, भाजपा जिलाध्यक्ष ने यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
जिलाध्यक्ष अजय यादव एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने जायजा लिया
इनपुट-सचिन राठोड़
Barwani News: बड़वानी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़वानी जिले में 14 अगस्त 2026 को आगमन प्रस्तावित है. उनके दौरे को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बुधवार दोपहर को कार्यक्रम स्थलों का सघन निरीक्षण किया. यह दौरा ग्राम तलुन, बोरलाय और बड़वानी में होगा.
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया
निरीक्षण के दौरान, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड, वीआईपी आगमन एवं आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा विश्राम स्थलों का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
14 अगस्त को सीएम खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करेंगे
भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि 14 अगस्त को मुख्यमंत्री तलुन में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे, इसके बाद वे खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करेंगे. मुख्यमंत्री सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘जन विश्वास अभियान’ की समीक्षा भी करेंगे. जिसमें आम लोगों की समस्याओं के समाधान की प्रगति का आकलन किया जाएगा.
‘जन विश्वास अभियान’ जारी
डॉ. मोहन यादव सरकार ने जन समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ‘जन विश्वास अभियान’ शुरू किया है. यह अभियान 7 अगस्त से पूरे प्रदेश में शुरू हुआ था और हर शुक्रवार को संचालित किया जाएगा. इसके तहत मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी गांवों एवं शहरी वार्डों में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेंगे.
‘जन विश्वास अभियान’ के तहत होगी सुनवाई
अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याएं सुनना और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करना है. इसका लक्ष्य शासन को जनता के और करीब लाना तथा प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करना है. सरकार पहले भी जनकल्याण शिविरों और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करती रही है.