Alirajpur: पति की हत्या कर लाश जलाई, अधजले अंगों को घर में छिपाया, 15 दिन बाद खुला राज
पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार
Alirajpur Crime News: आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. करीब 15 दिन से लापता एक व्यक्ति का शव उसी के घर के पीछे बने कमरे में रेत में दबा मिला. मामले की जांच में मृतक की पत्नी ही आरोपी निकली. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
बेटे ने पुलिस को दी सूचना
मामला थाना उदयगढ़ क्षेत्र के ग्राम ताती अंबा के पुजारा फलिया का है. पुलिस के मुताबिक, मृतक रामा वाकला करीब 15 दिनों से दिखाई नहीं दे रहा था. इसके बाद उसके बेटे राहुल को पिता के साथ किसी अनहोनी की आशंका हुई. राहुल ने अपनी मां से पिता के बारे में पूछताछ की. संदेह गहराने पर जब घर की तलाश की गई तो पीछे बने कमरे में रेत के अंदर रामा वाकला का शव दबा हुआ मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पत्नी पर संदेह गहराया
सूचना मिलते ही उदयगढ़ पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने मामले की एक-एक कड़ी जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान मृतक की पत्नी नाहजुबाई पर संदेह गहराया.
महिला ने स्वीकारा जुर्म
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नाहजुबाई ने पति की हत्या करना स्वीकार किया. आरोपी महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसका पति उस पर चरित्र को लेकर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था. पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान उसने लट से पति पर हमला कर उसकी हत्या कर दी.
ये भी पढ़ें: खंडवा में गणेश विसर्जन में बड़ा हादसा, खदान के गहरे पानी में डूबे 5 युवक, 3 को बचाया, दो की तलाश जारी
15 बाद हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाकर घर के अंदर रेत में दबाकर छिपा दिया था. करीब 17 दिन बाद शव बरामद होने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी नाहजुबाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है.