रायपुरः होटल के कमरा नंबर 401 में रूके थे प्रेमी, विवाद के बाद प्रेमिका की हत्या… फिर खुद का गला काटा
murder (File Image)
रायपुर. राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के एक कमरे में शुक्रवार दोपहर को खूनी संघर्ष हुआ, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी और उसके बाद खुद का गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की.
कमरा नंबर 401 में ठहरा था जोड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, होटल के तृतीय तल पर स्थित कमरा नंबर 401 में यह खौफनाक वारदात हुई. कमरे में ठहरे युवक और युवती की पहचान हो चुकी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवक का नाम कृष्ण कुमार भारद्वाज निवासी- मोहावन, दशनंतपुर गोसाई, जिला वाराणसी, उत्तर प्रदेश और युवती की पहचान रिमन मंडावी, निवासी- अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, छत्तीसगढ़ बताई जा रही है.
चीख-पुकार और खिड़की तोड़ने पर खुला खौफनाक राज
प्रत्यक्षदर्शियों और होटल कर्मचारियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच कमरे से युवती की जोर-जोर से चीखने की आवाजें आईं. आवाज सुनकर जब होटल के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. मामला पूरी तरह संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने हिम्मत जुटाकर कमरे की खिड़की तोड़ी. खिड़की से अंदर का नजारा देख कर्मचारियों के होश उड़ गए, अंदर युवक खून से लथपथ हालत में खुद का गला काट रहा था, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में फर्श पर पड़ी थी.
युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, वहीं, आरोपी युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः होमगार्ड और वन विभाग में नौकरी के नाम पर बस्तर में कई युवाओं से लाखों की धोखाधड़ी, FIR दर्ज