छत्तीसगढ़: बेमेतरा के स्कूल में मध्यान्ह भोजन में मिली ‘डामर गोली’, पेट दर्द की शिकायत के बाद कई बच्चे अस्पताल में भर्ती
बेमेतरा. बेमेतरा से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला में मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) के दौरान खाने में डामर जैसी संदिग्ध गोली मिलने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया है.
पेट दर्द के बाद बच्चों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यान्ह भोजन करने के बाद कई बच्चों ने अचानक पेट दर्द की शिकायत की. स्थिति को गंभीर देखते हुए तुरंत बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों की देखरेख में बच्चों का स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है.
रसोई व्यवस्था और गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन में खलबली मच गई है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भोजन में डामर जैसी यह संदिग्ध वस्तु आखिरकार कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंची. मध्यान्ह भोजन जैसी महत्वपूर्ण योजना में इस तरह की लापरवाही सामने आने के बाद अब स्कूल की रसोई व्यवस्था, भोजन की निगरानी और इसकी गुणवत्ता की जांच पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरे मामले की असल सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल