ऑनलाइन ट्रेडिंगः 36.70 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार डोंगरगढ़ में दो महिलाओं से लिए थे 82.50 लाख रुपये
क्राइम न्यूज
CG News: राजनांदगांव. ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से 36.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी (37) को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने दोनों प्रार्थियाओं से अलग-अलग समय में कुल 82.50 लाख रुपये लिए थे. इनमें से 45.80 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 36.70 लाख रुपये वापस नहीं किए गए. पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. (Dongargarh Online Trading Fraud)

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 21, रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ निवासी प्रतिमा पाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कैलाश सेठी ने अपनी प्योर ट्रेडिंग नामक कंपनी में पैसा निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया. इसके बाद 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद माध्यम से उनसे कुल 27.50 लाख रुपये लिए गए. आरोपी ने करीब 19 लाख रुपये वापस किए, लेकिन 8.50 लाख रुपये वापस नहीं किए. बार-बार मांग करने के बाद भी राशि नहीं लौटाने पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 413/2026 दर्ज किया गया.
डोंगरगढ़ में भी दर्ज हुई है एफआईआर
इसी तरह न्यू सब्जी मंडी, गोलबाजार डोंगरगढ़ निवासी नमिता चौबे ने भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें भी प्योर ट्रेडिंग में निवेश के बदले अधिक लाभ का झांसा दिया. 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच उनसे ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 55 लाख रुपये लिए गए. इसमें से करीब 26.80 लाख रुपये लौटाए गए, जबकि 28.20 लाख रुपये वापस नहीं किए गए. इस मामले में थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 414/2026 दर्ज किया गया.
दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, जांच में ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक लाभ का प्रलोभन देकर राशि प्राप्त करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया. न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. (Dongargarh Online Trading Fraud)
आरोपी कैलाश सेठी, पिता बिगनेश्वर सेठी, निवासी क्वार्टर नंबर 09, स्टेट 33, सेक्टर-10 बताया गया है. उसका वर्तमान पता मीनाक्षी नगर, चंद्राकर भवन के पास, दुर्ग है. कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल ने की. कार्रवाई में सउनि धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, आरक्षक तिलक कंवर और महिला आरक्षक सुषमा मराठे का योगदान रहा.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: ‘बर्दाश्त नहीं किया जाएगा..’, आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त