Hockey WC 2026: भारत-नीदरलैंड की भिड़ंत आज, जानें कब, कहां और कैसे देखें फ्री में LIVE
टीम इंडिया
India vs Netherlands: एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम दूसरे राउंड में आज यानी 22 अगस्त को अपना पहला मुकाबला मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी. सेमीफाइनल के लिहाज से यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है. भारतीय टीम को अगर वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतना है तो उसे हर हाल में यह मैच जीतना होगा. ऐसे में आइए जानते हैं भारत बनाम नीदरलैंड के बीच यह मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा. साथ ही इस मैच को फैंस टीवी या मोबाइल पर कैसे लाइव देख सकेंगे?
कहां और कितने बजे खेला जाएगा भारत-नीदरलैंड मैच?
भारत और नीदरलैंड के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का ये मुकाबला 22 अगस्त को एम्सटेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. यह मुकाबला नीदरलैंड के घरेलू मैदान में होने वाला है ऐसे में उन्हें ज्यादा सपोर्ट मिलने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: Hockey World Cup: पाकिस्तान को हराने के बाद अब अपना अगला मैच कब खेलेगी टीम इंडिया? जानें
कहां देखें LIVE?
दोनों टीमों के बीच इस मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 2, स्टार स्पोर्ट्स खेल और DD स्पोर्ट्स पर किया जाएगा. भारतीय दर्शक इस मुकाबले का लुत्फ DD स्पोर्ट्स पर उठा सकते हैं, वो भी बिल्कुल फ्री. बस इसके लिए आपके घर पर DD Free Dish का कनेक्शन होना जरूरी है. इसके अलावा इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और इसकी वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
नीदरलैंड के खिलाफ कैसा रहा भारत का रिकॉर्ड
भारत और नीदरलैंड के बीच हॉकी में हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो इसमें साफ तौर पर नीदरलैंड का पलड़ा ज्यादा भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत को सिर्फ 6 मैचों में ही जीत मिली है, जबकि 11 मुकाबले नीदरलैंड ने अपने नाम किए हैं. इसके अलावा 7 मैच ड्रॉ हुए हैं. ऐसे में टीम इंडिया के सामने आज नीदरलैंड की बड़ी चुनौती होगी. भारत को अगर हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल की रेस में बने रहना है तो उसे हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा.