Dhamtari: पासबुक में थी एंट्री, खाते से गायब मिला पैसा, 1 करोड़ की हेराफेरी करके SBI कियोस्क संचालक फरार
पासबुक में फर्जी एंट्री
Dhamtari News: धमतरी जिले के ग्राम कोर्रा में एसबीआई कियोस्क सेंटर पर ग्राहकों की रकम में कथित तोर पर हेराफेरी का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, कियोस्क सेंटर चलने वाले केशव साहू पर करीब 1 करोड़ 75 हजार रुपये की राशि में गड़बड़ी करने का आरोप लगा है. मामला सामने आने के बाद से ही संचालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
पूरा मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रा का बताया जा रहा है, जहां एसबीआई से जुड़े कियोस्क सेंटर का संचालन करने वाले केशव साहू पर आरोप लगा है कि उसने ग्राहकों से नकद राशि जमा करवा लेता था और उस राशि को बैंक खातों में जमा नहीं करता था. ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए केशव उनकी पासबुक में पेन से जमा राशि की एंट्री कर देता था.
जब कुछ ग्राहकों ने अपने खातों में जमा की गई रकम की जांच की तो पता चला की पासबुक में एंट्री की गई राशि बैंक खातों में जमा ही नहीं हो पाई. इसके बाद ग्राहकों ने मामले की शिकायत पुलिस से की. शिकायत के बाद कियोस्क संचालक फरार है ऐसी जानकारी सामने आई है.
जांच में जुटी पुलिस
धमतरी के ASP डीसी पटेल ने बताया कि शुरूआती जांच में करीब 1 करोड़ 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी फिलहाल फरार चल रहा है और उसकी तलाशी के लिए पुलिस की टीम लगाई. उन्होंने कहा कि बैंक से जुड़े दस्तावेजाें, खातों का रिकॉर्ड और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी.
ग्रामीणों से नकद राशि लेकर नहीं की बैंक मे जमा
मिली जानकारी के मुताबिक, कियोस्क संचालक के खिलाफ आरोप लगा है कि उसने 2013 से 2025 तक ग्रामीणों से नकद राशि लेकर जमा की, लेकिन उस राशि को कथित तौर पर बैंक खातों में जमा नहीं की. इससे पहले भी दर्ज शिकायतों में 10 खाताधारकों की कथित रूप से 68.35 लाख रुपये से अधिक की राशि फंसी होने की बात सामने आई थी. बाद में अन्य खाताधारकों के खातों में लेनदेन की जांच शुरू की गई है. अब गड़बड़ी की राशि 1 करोड़ 75 लाख रुपये होने की बात सामने आई है.