Raipur: मालिक के साथ धोखा, 5 लाख रुपए लेकर कर्मचारी फरार
फाइल इमेज
रायपुर. राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में बैंक में जमा कराने के लिए दिए गए पांच लाख रुपए लेकर कर्मचारी के फरार होने का मामला सामने आया है. मामले में भाठागांव निवासी दिब्यांश सिंह ने अपने कर्मचारी शंकर सोनी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत के मुताबिक, दिब्यांश सिंह साई विला भाठागांव में रहते हैं और पढ़ाई के साथ ट्रेडिंग का काम करते हैं. उन्होंने जुलाई 2025 में शंकर सोनी को कर्मचारी के तौर पर काम पर रखा था. 21 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 12 बजे उन्होंने शंकर सोनी को पांच लाख रुपये नकद बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे. कर्मचारी को एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-04-LT-0826 से बैंक ऑफ बड़ौदा, टैगोर नगर शाखा भेजा गया था. शिकायतकर्ता के अनुसार, कर्मचारी बैंक जाने के बाद वापस नहीं लौटा. उसकी तलाश करने पर पता चला कि एक्टिवा वाहन रावाभाठा बिजली ऑफिस के पास मैदान में लावारिस हालत में खड़ी है. वाहन की चाबी सीट के नीचे डिक्की/स्टोरेज लॉक में रखी मिली, लेकिन उसमें रखी पांच लाख रुपए की नकदी गायब थी.
दिब्यांश सिंह ने आरोप लगाया है कि कर्मचारी शंकर सोनी बैंक में जमा कराने के लिए दी गई 5 लाख की नगद राशि का कथित रूप से दुरुपयोग कर फरार हो गया. उन्होंने पुरानी बस्ती थाने में आवेदन देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. कर्मचारी के फरार होने और पांच लाख रुपये की राशि के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: देर रात पत्नी को दूसरी महिला के घर बुलाकर मारपीट, मुंह में फिनाइल डालने का आरोप