बेटिकट यात्रियों से मालामाल हुआ SEC Railway: सिर्फ एक महीने में वसूले 4.19 करोड़ रुपए

ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने शिकंजा कस दिया है. रेलवे प्रशासन द्वारा अगस्त महीने में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान बेटिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर जमकर कार्रवाई की गई.
train

बिलासपुर. ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने शिकंजा कस दिया है. रेलवे प्रशासन द्वारा अगस्त महीने में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान बेटिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर जमकर कार्रवाई की गई. इस एक महीने के भीतर रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रूप में 4 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की भारी-भरकम राशि वसूली है.

तीनों मंडलों में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई

यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से SECR के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर तीनों रेल मंडलों में यह विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान ट्रेनों से लेकर रेलवे स्टेशनों और परिसरों तक सघन चेकिंग की गई. अगस्त माह में चले इस अभियान के आंकड़े चौंकाने वाले हैं.रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक कुल 60,822 अनियमित एवं बिना टिकट यात्री पकड़े गए. इनसे बतौर जुर्माना कुल 4,19,31,888 का जुर्माना वसूला गया.

लगेज के नियमों को लेकर भी दी गई हिदायत

टिकट जांच के साथ-साथ रेलवे ने यात्रियों को जागरूक करने का काम भी किया. अभियान के दौरान बिना उचित टिकट के अधिक लगेज (सामान) लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया और उन्हें नियमानुसार लगेज बुक कराने के लिए प्रेरित किया गया.

रेलवे की अपील: वैध टिकट के साथ करें सफर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध और उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसकी बुकिंग जरूर कराएं. रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, नियमों के अनुपालन और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए यह टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. साथ ही, रेलवे ने यात्रियों से टिकट जांच कर्मचारियों को सहयोग करने का आग्रह किया है ताकि सभी को सुरक्षित और आरामदायक सफर मिल सके.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG में RTE Admission के लिए शेड्यूल जारी, निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, इस दिन से आवेदन प्रक्रिया शुरू

ज़रूर पढ़ें