IPL 2027 से पहले CSK के पूर्व खिलाड़ी का MS DHONI को लेकर बड़ा खुलासा, बोले- इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे माही
महेंद्र सिंह धोनी
MS Dhoni: चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें सामने आ रही हैं. सीएसके फैंस के मन में एक ही सवाल है कि क्या धोनी आईपीएल के आगामी सीजन में खेलेंगे या नहीं? इन सब के बीच धोनी को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. चेन्नई के पूर्व बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने हाल ही में एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि धोनी ने साफ कर दिया है कि वह बतौर इम्पैक्ट प्लेयर नहीं खेलेंगे.
धोनी के लिए अहम इम्पैक्ट प्लेयर रूल
दरअसल, आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी इंजरी के चलते सीएसके के लिए एक भी मैच नहीं खेल पाए थे. अब आईपीएल 2027 से पहले उनकी उपलब्धता को लेकर चर्चा तेज हो गई है. धोनी अब 45 साल के हो गए हैं ऐसे में आगामी सीजन में इम्पैक्ट प्लेयर का ऑप्शन उनके लिए काफी अहम माना जा रहा था. बढ़ती उम्र और फिटनेस से जुड़ी चुनौतियों के बीच माना जा रहा था कि वह इस नियम की मदद से विकेटकीपिंग के 20 ओवरों के बोझ से बच सकते थे और जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते थे.
यह भी पढ़ें: Dhoni Pant Viral Video: ‘दादा हुक्का पीकर आता हूं’, ऋषभ पंत से बोले एम एस धोनी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे धोनी
हाल ही में सीएसके में महेंद्र सिंह धोनी के पूर्व साथी खिलाड़ी सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर एमएस धोनी को लेकर बात की. इस दौरान बद्रीनाथ ने खुलासा किया कि धोनी ने खुद उनसे कहा है कि वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे. बद्रीनाथ के मुताबिक माही का मानना है कि अगर वह खेलते हैं तो वह फुल-टाइम विकेटकीपर की भूमिका में ही खेलने उतरेंगे. यानी वह पूरे 20 ओवर का मैच खेलेंगे.
👀#IPL2027 #MSDhoni #CSK pic.twitter.com/vl22zCVaB4
— Cricbuzz (@cricbuzz) September 3, 2026
क्या है इम्पैक्ट प्लेयर नियम?
इम्पैक्ट प्लेयर नियम की बात करें तो इंडियन प्रीमियर लीग में यह एक ऐसा नियम है जिसके तहत कोई भी टीम मैच के दौरान अपनी प्लेइंग 11 में से एक खिलाड़ी को बदलकर उसकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को मैदान पर बल्लेबाजी या गेंदबाजी के लिए उतार सकती है. इसके अलावा जिस मुख्य खिलाड़ी की जगह इम्पैक्ट प्लेयर को मैदान पर लाया जाता है, वह खिलाड़ी बाकी पूरे मुकाबले से बाहर हो जाता है और वह दोबारा गेम का हिस्सा नहीं बन सकता.