Bhopal News: भदभदा डैम का गेट खुला, महापौर मालती राय ने की पूजा, लबालब हुआ बड़ा तालाब
bhopal news
Bhopal News: भोपाल: राजधानी भोपाल के लिए राहत भरी खबर है. बड़े तालाब स्थित भदभदा डैम का जलस्तर 4 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे पूर्ण टैंक लेवल 1666.80 फीट पर पहुंच गया है. कोलांस नदी का जलस्तर 5.50 फीट दर्ज किया गया है. 30 जून से बड़े तालाब के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है और अब तक करीब 8 फीट की बढ़ोतरी हो चुकी है.
भदभदा डेम का एक गेट खोला गया
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे महापौर मालती राय ने पूजा-अर्चना के बाद भदभदा बांध का गेट नंबर 6 खोला. इस दौरान एमआईसी सदस्य रवींद्र यति, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे. यहां से निकलने वाला पानी आगे कलियासोत नदी की ओर जाता है।बड़े तालाब का लबालब होना भोपाल की पेयजल व्यवस्था के लिए बड़ी राहत है.
0.30 फीट की जरूरत थी
जलस्तर FTL पर पहुंचने के बाद गेट खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई थी. शुक्रवार को सुबह से जारी बारिश के चलते बड़े तालाब में पानी की लगातार आवक हुई. गुरुवार को जलस्तर 1666.50 फीट था, यानी FTL तक पहुंचने में महज 0.30 फीट की जरूरत थी.
बता दें कि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है. जिसके चलते जलस्तर और बढ़ने की संभावना है.संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढे़ं- भोपाल के 139 हॉस्पिटल पर मंडरा रहा खतरा! आयुष्मान वाले इन अस्पतालों पर नकेल कसने की तैयारी