Mauganj: 40 लाख की डकैती पर उठे सवाल, बदमाशों की कहानी पर पुलिस को शक, मह‍िला को बंधक बनाकर लूट का है आरोप

Mauganj News: वारदात को पहले हथियारबंद बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई बड़ी लूट बताया गया था, अब उसी कहानी पर पुलिस को संदेह होने लगा है.
Accused of a rs40 lakh robbery

40 लाख की लूट का आरोप

Mauganj News: हनुमना के तिलया गांव में 40 लाख रुपये की कथित डकैती का मामला अब पूरी तरह सवालों के घेरे में आ गया है. जिस वारदात को पहले हथियारबंद बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई बड़ी लूट बताया गया था, अब उसी कहानी पर पुलिस को संदेह होने लगा है. महिला ने दावा किया था कि 6 हथियारबंद बदमाशों ने उसे और उसके बेटे को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और मेडिकल स्टोर का सामान लूट लिया. लेकिन पुलिस जांच में सामने आए कई तथ्यों ने इस पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है.

दवाई लेने के बहाने पहुंचे युवक

पीड़िता बेबी साहू ने पुलिस को बताया था कि 3 सितंबर की रात दो युवक दवाई लेने के बहाने मेडिकल स्टोर पहुंचे. कुछ ही देर बाद उनके अन्य साथी भी घर में दाखिल हो गए. आरोप है कि बदमाशों के हाथों में रिवॉल्वर, कट्टा, तलवार और गड़ासा जैसे हथियार थे. महिला और उसके नाबालिग बेटे को बंधक बनाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मेडिकल स्टोर का सामान लूट लिया गया.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी राजेश पटेल ने शुरुआती जांच के आधार पर लूट की घटना की पुष्टि करते हुए बताया था कि महिला ने डायल-112 पर सूचना दी थी और मामले की जांच की जा रही है. इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए.

जांच आगे बढ़ी तो कहानी में आया बड़ा ट्विस्ट

लेकिन अब जांच आगे बढ़ने के साथ ही कहानी में बड़ा ट्विस्ट आ गया है. मऊगंज एसडीओपी सची पाठक का कहना है कि फरियादी द्वारा बताए गए कई पहलू प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं. पुलिस को घटनाक्रम के कुछ हिस्सों में विसंगतियां मिली हैं, जिसके चलते अब तक डकैती की घटना की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है.

बयानों और साक्ष्यों का किया जा रहा मिलान

पुलिस अब हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पीड़िता के बयान, कथित तौर पर लूटे गए सामान की जानकारी और अन्य तकनीकी तथ्यों का मिलान किया जा रहा है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर घटना वैसी ही हुई, जैसा बताया गया, या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी हुई है.

40 लाख की लूट के दावे और पुलिस की जांच के बीच बढ़ा रहस्य

एक तरफ पीड़ित परिवार 40 लाख रुपये की लूट का दावा कर रहा है, तो दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि अभी तक घटना की पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में यह मामला अब सिर्फ डकैती का नहीं, बल्कि एक बड़े रहस्य का रूप लेता जा रहा है. पूरे इलाके की नजर अब पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है.

हथियारबंद बदमाशों की कहानी पर अब पुलिस को संदेह

हथियारबंद बदमाशों की कहानी, 40 लाख रुपये की कथित लूट और अब पुलिस के संदेह ने तिलया गांव के इस मामले को लगातार चर्चा में ला दिया है. यह मामला हर दिन नया मोड़ ले रहा है. आखिर सच क्या है? क्या वाकई डकैती हुई थी, या फिर कहानी कुछ और है? इसका जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल हनुमना की यह कथित डकैती पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.

ये भी पढे़ं- Mauganj: सीधी बॉर्डर पर कैमूर घाटी में बारिश बनी आफत, सैकड़ों फीट गहरी खाई के पास धंसी सड़क, प्रशासन ने सील किया रास्‍ता

ज़रूर पढ़ें