सत्य निकेतन हादसा: 6 मौतों के बाद जागा प्रशासन, अवैध निर्माण सील करने के आदेश, मालिक पर FIR

Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में 30 साल पुरानी पीजी इमारत ढहने से 6 छात्रों की मौत हो गई. हादसे के बाद मकान माल‍िक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
हादसे के बाद राहत-बचाव जारी

हादसे के बाद राहत-बचाव जारी

Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में लड़कों के PG की पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है. रविवार को हुए इस हादसे के बाद सोमवार सुबह तक राहत- बचाव अभियान जारी है.  मलबे में दबे कई लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. दिल्ली पुलिस और प्रशासन अब हादसे की वजह और निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे हैं. इस मामले में अब मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर द‍िया गया है.

सत्य निकेतन हादसे पर द‍िल्‍ली सरकार ने सख्‍त एक्‍शन की बात कही है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी./

पुलिस ने PG के मालिक हरिराम बंसल और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है. मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 290 और 125 के तहत दर्ज किया गया है. हालांकि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि पीजी माल‍िक को गिरफ्तार किया गया या नहीं.

बिल्डिंग में चल रहा था मेंटेनेंस का काम

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत में निर्माण या मरम्मत का काम चल रहा था. मुख्यमंत्री के मुताबिक बेसमेंट में खुदाई के दौरान एक पिलर खिसकने के बाद पूरी इमारत ढह गई. हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

हादसे के बाद जागा प्रशासन

हादसे के बाद MCD ने दिल्ली में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. MCD के मुताबिक चार मंजिल से ज्यादा वाले सभी अवैध निर्माण तुरंत सील किए जाएंगे. इसके अलावा लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी. इस हादसे के बाद दिल्ली में PG और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस तरह की इमारतों पर कार्रवाई होती है या नहीं.

ये भी पढ़ें: Sagar Liquor Case: मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता, डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ला ने किया मुआवजे का ऐलान

ज़रूर पढ़ें