Dhaldas: गुरु खुशवंत सिंह के घर में सियासी सेंध! बड़े भाई के कांग्रेस ज्वॉइन करते ही TS सिंहदेव ने खोला पुराना राज
ढालदास
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ की सियासत में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह के बड़े भाई ढाल दास सिंह के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. उनके कांग्रेस प्रवेश को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने बड़ा बयान दिया है.
टीएस सिंहदेव ने क्या कहा ?
टीएस सिंहदेव ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले गुरु खुशवंत सिंह, उनके पिता और परिवार के साथ कांग्रेस में शामिल होने को लेकर चर्चा हुई थी. उस दौरान गुरु खुशवंत सिंह से भी बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में जो बातें और चर्चाएं हुई थीं, वे पूरी नहीं हो सकीं. सिंहदेव के मुताबिक, इसे लेकर गुरु खुशवंत सिंह के मन में दुख था. सिंहदेव ने कहा कि इसके बाद गुरु खुशवंत सिंह ने भाजपा का दामन थामा और आगे चलकर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। अब उनके बड़े भाई ढाल दास सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है.
ढाल दास सिंह का किया स्वागत
टीएस सिंहदेव ने ढाल दास सिंह के कांग्रेस प्रवेश का स्वागत करते हुए कहा कि हम सब एक विचार के हैं. उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य होने के नाते ढाल दास सिंह ने अपने भाई के राजनीतिक सफर को करीब से देखा है.
सिंहदेव ने दावा किया कि ढाल दास सिंह ने यह भी करीब से देखा होगा कि उनके भाई गुरु खुशवंत सिंह मंत्री तो बने, लेकिन जनता के हित में अपेक्षित काम नहीं हो पा रहा है. सिंहदेव के अनुसार, यही वजह हो सकती है कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया.
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने ढाल दास सिंह के कांग्रेस में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस में उनका स्वागत है. उनके इस बयान के बाद अब गुरु खुशवंत सिंह के परिवार में हुए इस राजनीतिक बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
गौरतलब है कि गुरु खुशवंत सिंह वर्तमान में छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. ऐसे में उनके बड़े भाई का कांग्रेस में शामिल होना सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कांग्रेस में शामिल हुए ढालदास
बताते चलें कि सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र और प्रदेश सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढालदास ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें कांग्रेस पार्टी का गमछा पहनाकर पार्टी में प्रवेश कराया गया.ढाल दास का परिवार छत्तीसगढ़ की राजनीति और सतनामी समाज में विशेष प्रभाव रखता है. उनके पिता गुरु बालदास सतनामी समाज के बड़े धार्मिक गुरु हैं.
CG News: PM आवास योजना पर घमासान, एक मंच पर आमने-सामने होंगे विजय शर्मा और भूपेश बघेल