राहुल गांधी के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी! BJP ने राजनाथ के बेटे नीरज सिंह को दी रायबरेली की जिम्मेदारी

UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बड़ा दांव चला है. जिसके तहत राहुल के रायबरेली इलाके की जिम्‍मेदारी राजनाथ स‍िंह के बेटे नीरज स‍िंह को दी गई है.
Neeraj Singh

नीरज सिंह

Raebareli District Incharge: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह को रायबरेली जिले का प्रभारी नियुक्त किया है. नीरज सिंह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे हैं. हाल ही में उन्हें यूपी बीजेपी में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी. अब उन्हें प्रदेश के एक अहम राजनीतिक जिले का संगठनात्मक दायित्व सौंपा गया है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से संगठन के जिला प्रभारियों की सूची जारी की गई है. इसमें नीरज सिंह को रायबरेली की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी के लिए यह नियुक्ति इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि रायबरेली कांग्रेस नेता राहुल गांधी का लोकसभा क्षेत्र है. राष्ट्रीय राजनीति में इस सीट की अलग पहचान रही है.

नीरज सिंह के सामने क्‍या होगी चुनौती?

नीरज सिंह के सामने अब रायबरेली में बीजेपी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी. जिले की राजनीति में अलग-अलग सामाजिक समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे में पार्टी संगठन के विस्तार के साथ कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना भी उनके दायित्व का हिस्सा रहेगा.

रायबरेली में बीजेपी के लिए विधानसभा चुनाव का गणित भी आसान नहीं रहा है. 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी जिले की छह सीटों में से दो पर जीत दर्ज कर सकी थी, जबकि बाकी सीटों पर विपक्षी दलों का कब्जा रहा है. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करना बीजेपी की रणनीति का अहम हिस्सा हो सकता है.

बीजेपी ने की प्रभारियों की घोषणा

प्रदेश बीजेपी ने कुल 98 संगठनात्मक जिलों के लिए प्रभारियों की घोषणा की है. इन प्रभारियों को स्थानीय जिला टीमों के साथ समन्वय करते हुए चुनावी तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी दी गई है.

नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के तुरंत बाद रायबरेली जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी मिलना उनके संगठनात्मक रोल को बढ़ाता है. अब नजर इस बात पर होगी कि वह जिले में बीजेपी के संगठन को किस तरह सक्रिय करते हैं . आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं.

ये भी पढ़ें:ASI हरजीत सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, पाकिस्तानी कनेक्शन आया सामने

ज़रूर पढ़ें