CG News: ड्यूटी के दौरान नशे में धुत मिला कांस्टेबल, पुलिस की गाड़ी भी बुरी तरह ठोकी, निलंबित
सीजी न्यूज
रिपोर्ट-मदन तिवारी
CG News: जनकपुर: छत्तीसगढ़ के जनकपुर इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है.यहां, ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करना और शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करना मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर पुलिस के आरक्षक अविनाश गुप्ता को भारी पड़ गया. विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया है.
यह है पूरा मामला
पूरा मामला 19 जुलाई 2026 का है. जहां थाना जनकपुर क्षेत्र में डायल-112 वाहन क्रमांक CG 03 A 2700 में ड्यूटी के दौरान आरक्षक अविनाश गुप्ता द्वारा शराब सेवन किए जाने की बात सामने आई थी. इसी दौरान शासकीय वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कुछ तस्वीरें भी सामने आईं जिसमें गाड़ी को भी क्षति हुई है यह दिखाई दे रहा है.
ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई
घटना के बाद आरक्षक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें शरीर में 388 MG एल्कोहल कंटेंट पाए जाने का उल्लेख विभागीय प्रेस विज्ञप्ति में किया गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई की. 20 जुलाई 2026 को आरक्षक अविनाश गुप्ता को निलंबित कर दिया गया और इसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान ड्यूटी के समय शराब सेवन, शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता से संबंधित आरोप प्रमाणित पाए गए. इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने 16 सितंबर 2026 को आरक्षक अविनाश गुप्ता को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की. ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता पर पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को सख्त विभागीय कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.