कुमार विश्वास की सियासत में फिर होने जा रही एंट्री? BJP की इस लिस्ट के बाद हलचल तेज
कुमार विश्वास
Kumar Vishwas Politics Speculation: उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं. इसको लेकर सियासी हलचल तेज है और इसी बीच एक नाम ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है. चर्चा है कि बीजेपी ने अपनी संभावित सूची में कवि कुमार विश्वास का नाम शामिल किया है. उनके अलावा स्मृति ईरानी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत कई नेताओं के नाम भी इस सूची में बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि अंतिम तौर पर किन नामों को उम्मीदवार बनाया जाएगा. लेकिन, जब से यह खबर सामने आई है अटकलों का बाजार गर्म है.
कुमार विश्वास की पहचान सिर्फ राजनीतिक नेता के तौर पर नहीं रही है. वह देश के चर्चित कवियों और मंचीय वक्ताओं में शामिल हैं. राजनीति में उनकी बड़ी पहचान आम आदमी पार्टी के साथ बनी थी. वह पार्टी के संस्थापक दौर के प्रमुख चेहरों में शामिल थे. इसके साथ ही 2014 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से चुनाव भी लड़ा था. हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
कुमार कुछ समय तक आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर ही राजनीति करते रहे. हालांकि बाद में उनका आम आदमी पार्टी से राजनीतिक रास्ता अलग हो गया. अब बीजेपी की संभावित सूची में उनके नाम होने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही विश्वास अपनी दूसरी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं.
फाइनल डिसीजन लेगा हाईकमान
कुमार विश्वास का नाम बीजेपी के पारंपरिक संगठनात्मक नेताओं के साथ तैयार किए गए पैनल में सामने आया है. रिपोर्टों के मुताबिक उत्तर प्रदेश बीजेपी ने राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों के लिए कई नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है. इनमें से अंतिम उम्मीदवारों का चयन पार्टी नेतृत्व करेगा.
10 सीटों पर होने वाले हैं चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है. ऐसे में उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन तेज है. कुमार विश्वास के नाम पर अंतिम फैसला होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बीजेपी उन्हें उत्तर प्रदेश से उच्च सदन भेजने का फैसला करती है या नहीं.
फिलहाल कुमार विश्वास का नाम संभावित उम्मीदवारों की सूची तक सीमित है. बीजेपी की ओर से उनके नाम को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इसलिए इसे राज्यसभा टिकट तय होने के बजाय पार्टी के भीतर उनके नाम पर विचार के तौर पर देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें:BJP ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, बनारस स्नातक से केदारनाथ तो पटना से नवल किशोर पर दांव