रेस्ट ऑफ इंडिया ने 31वीं बार जीता ईरानी कप का खिताब, फाइनल में मुकेश कुमार ने बरपाया कहर

Rest of India Won Irani Cup: रेस्ट ऑफ इंडिया ने श्रीनगर में खेले गए फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को 167 रनों से हराकर 31वीं बार ईरानी कप का खिताब अपने नाम कर लिया है.
Rest Of India

रेस्ट ऑफ इंडिया

Rest of India Won Irani Cup: रेस्ट ऑफ इंडिया ने श्रीनगर में खेले गए फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को 167 रनों से हराकर 31वीं बार ईरानी कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. फाइनल में रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर के सामने 279 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में 2025-26 रणजी ट्रॉफी की चैंपियन टीम 111 रनों पर ही सिमट गई. रेस्ट ऑफ इंडिया की इस जीत में मुकेश कुमार ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने गेंदबाजी में कहर बरपाते हुए विपक्षी टीम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया.

मुकेश कुमार ने बरपाया कहर

रेस्ट ऑफ इंडिया की इस खिताबी जीत के हीरो तेज गेंदबाज मुकेश कुमार रहे, जिन्होंने मुकाबले की दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए. बता दें, मुकेश ने इस मैच में कुल 8 विकेट लिए. उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत ही रेस्ट ऑफ इंडिया ने 31वीं बार ईरानी कप की ट्रॉफी अपने नाम की. ईरानी कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर मुकेश ने टीम इंडिया में अपनी वापसी की दावेदारी पेश कर दी है. जम्मू कश्मीर की पहली पारी के दौरान मुकेश ने 17 ओवर में 84 रन देकर 2 विकेट झटके. इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 10.4 ओवर में महज 33 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए. अपने इस स्पेल में मुकेश ने 4 गेंदों के अंदर 3 विकेट चटकाए.

यह भी पढ़ें: रन चेज में शाई होप को याद आई धोनी की ये सलाह, 162 रनों की नाबाद पारी खेल भारत से छीनी जीत

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

मैच की बात करें तो रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहली पारी में 237 रन बनाए. जवाब में जम्मू-कश्मीर ने पारस डोगरा की 75 रनों की पारी के दमपर 278 रन बनाकर बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद दूसरी पारी में रेस्ट ऑफ इंडिया ने स्मरण रविचंद्रन की 135 रनों की तूफानी पारी के दम पर 319 रन बनाए और जम्मू-कश्मीर के सामने 279 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 111 रनों पर ही ढेर हो गई और रेस्ट ऑफ इंडिया ने मैच जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया.

लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर मुकेश कुमार

32 साल के भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने साल 2024 में भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था. उसके बाद से वह टीम इंडिया में अपनी वापसी की राह देख रहे हैं. बता दें, मुकेश ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों फॉर्मैट में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने भारत के लिए अब तक कुल 3 टेस्ट 6 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं.

ज़रूर पढ़ें