CG Coal Scam: EOW की चार्टशीट में आया Dr. Kumar Vishwas के कार्यक्रम का नाम, लेकिन क्यों ?
कुमार विश्वास
CG Coal Scam: रायपुर. छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 570 करोड़ रुपये के कोल लेवी (अवैध उगाही) घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. EOW ने सोमवार को रायपुर की विशेष अदालत में 9 हजार से अधिक पन्नों का छठा पूरक चालान (चार्जशीट) पेश किया है. इस चार्जशीट में डॉ कुमार विश्वास के कार्यक्रम का जिक्र है, EOW का दावा है कि इसके लिए 25 लाख रुपए खर्च किए गए थे. (CG Coal Scam Kumar Vishwas Connection)
दरअसल खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान कवि कुमार विश्वास का ‘हमर भांचा राम” कार्यक्रम आयोजित किया गया था. तब इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग से शिकायत भी की थीं. दावा किया गया था कि शासन रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने नहीं दे रहा, जबकि कांग्रेस की ओर से आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम को अनुमति दी गई है.
EOW की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के आरोपी विधायक देवेंद्र यादव और आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच वाट्सअप में हुई बातचीत में उक्त कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपए की व्यवस्था करने के प्रमाण मिले है. इसका जिक्र EOW ने अपनी चार्जशीट में किया है जो कोर्ट में पेश की गई है.
बता दें कि इस चार्जशीट में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, रामगोपाल अग्रवाल और आईएएस रानू साहू के भाई पीयूष साहू समेत 12 प्रमुख आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है. चालान पेश होने के बाद जहां कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है, वहीं कोर्ट परिसर में दिए गए कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के बयानों ने राज्य की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः अंबेडकर अस्पताल में हुई जटिल सर्जरीः तीनों कोरोनरी धमनियों में ब्लॉकेज के साथ गंभीर एओर्टिक स्टेनोसिस का हुआ ऑपरेशन