Raipur: सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर युवाओं से की ठगी, रायपुर पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा
आरोपियों की तस्वीर
रायपुर पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे. जानकारी के मुताबिक, ये लोग अब तक करीब 15 लोगों से 25 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दे चुके है. पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
सिविल लाइन थाने में की गई रिपोर्ट
दरअसल पीड़ित बोस्टो तांडी ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने उसे सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर वसूली की है. पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने खुद का प्रभावशाली व्यक्तियों से संपर्क होना तथा आदित्य के द्वारा स्वयं को गृहमंत्री का निज सहायक होने की झूठी कहानी सुनाई और सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही.
70,000 रुपये वसूले
आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने उन्हें 70,000/- रुपये दे दिए. पीड़ित का कहना है कि पैसे लेकर उन्होंने नौकरी नहीं लगवाई और इसके साथ-साथ अन्य लोगों से भी रुपये लेकर धोखाधड़ी की गई है. पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 528/2026 धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340, 3(5) बी.एन.एस. दर्ज कर लिया गया है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा घटना के संबंध में पीड़ित सहित गवाहों से विस्तृत पूछताछ करते हुए आरोपी आदित्य मोहन पण्डा पिता अनिल पण्डा उम्र 23 साल वर्तमान पता कमल विहार रायपुर और दूसरे आरोपी संतराम यादव पिता बलराम यादव उम्र 38 साल पता हिमालया हाइट्स देवपुरी रायपुर को पुलिस हिरासत में लिया गया है.
पूछताछ करने पर अभी तक आरोपियों द्वारा इसी प्रकार से करीब 15 लोगों के साथ करीब 25 लाख की अन्य लोगों से भी नौकरी लगाने, ट्रांसफर कराने के नाम पर लेकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया है. अभी आरोपियों से पूछताछ जारी है.
ये भी पढे़ं- भिलाई के होटल में सनसनी: हरिराज होटल के बाथरूम में मिला स्पाइ कैमरा, आरोपी स्टाफ फरार… पुलिस जांच में जुटी