भारत में होने वाली एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से पाकिस्तान का कटा नाम, बांग्लादेश को मिली एंट्री

Asian Hockey Champions Trophy: भारत की मेजबानी में होने वाले एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से पाकिस्तान की टीम बाहर हो गई है. उनकी जगह बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है.
Pakistan Hockey Team

पाकिस्तान हॉकी टीम

Asian Hockey Champions Trophy: जापान के आईची-नागोया में खेले गए एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही भारत ने ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. इंडियन मेंस हॉकी टीम अब अपना अगला टूर्नामेंट घर पर ही खेलना है जो एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी है. भारत की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के मुकाबले पंजाब के जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे. हालांकि, इस टूर्नामेंट से पाकिस्तान की टीम बाहर हो गई है. ऐसे में पाक टीम की जगह बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है.

हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हुआ पाकिस्तान

दरअसल टूर्नामेंट के ऐलान के बाद पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भारत में खेलने से मना कर दिया था और इसे न्यूट्रल वेन्यू में कराने की मांग की थी. पाकिस्तान की इस मांग को एएचएफ ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है. साथ ही पाकिस्तान हॉकी टीम को अब टूर्नामेंट से भी बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह बांग्लादेश को छठी टीम के रूप में टूर्नामेंट में शामिल किया गया है.

यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: हॉकी में भारत ने जीता गोल्ड मेडल, फाइनल में मलेशिया को 5-1 से रौंदा

6 टीमें लेंगी टूर्नामेंट में भाग

जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी. हॉकी इंडिया द्वारा जारी की गई एक रिलीज के मुताबिक इन छह टीमों में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, साउथ कोरिया और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी. बता दें, पंजाब में करीब दो दशक के बाद इस टूर्नामेंट के जरिए इंटरनेशनल हॉकी की वापसी हो रही है. भारतीय हॉकी टीम अब तक एशियन हॉकी टूर्नामेंट का खिताब चार बार जीत चुकी है. ऐसे में इंडियन टीम एक बार फिर इस खिताब को जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है.

CM भगवंत मान ने किया था दावा

पिछले ही महीने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का शेड्यूल जारी करते हुए दावा किया था कि पाकिस्तान की टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए भारत आएगी. इसके बाद ही पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने टूर्नामेंट को भारत में खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा.

ज़रूर पढ़ें