Rajnandgaon News: डोंगरगढ़ में मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल, इलाके में दहशत का माहौल
सांकेतिक तस्वीर
Dongargarh Murder Case: राजनांदगांव के डोंगरगढ़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. ग्राम चौथना में 9 अक्टूबर की रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
कब हुई वारदात?
यह पूरा मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है. DSP सुमन जायसवाल के अनुसार, यह घटना 9 अक्टूबर की रात करीब 8.30 से 9.30 बजे के बीच की है. अज्ञात हमलावर कमला सोनकर के घर में घुसे और उन्होंने धारदार हथियार से मां कमला और बेटे हितेन्द्र सोनकर पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं हमलावरों ने बेटी ममता सोनकर पर भी हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
आनन-फानन में ममता को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ ले जाया गया, जहा गंभीर हालत की देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल ममता का इलाज जारी है.
पति के घर लौटने पर चला वारदात का पता
जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान घर का मुखिया और कमला सोनकर का पति घर से बाहर था. जब वह घर वापस लौटा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी कमला और बेटे हितेन्द्र के शरीर से खून निकल रहा था और दोनों की मौत हो चुकी थी. वहीं बेटी गंभीर रूप से घायल मिली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
पारिवारिक रंजिश की आशंका
DSP सुमन जायसवाल के अनुसार, आशंका है कि हमलावरों ने पुरानी और पारिवारिक रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है. DSP ने बताया कि कमला सोनकर के रिश्तेदारों पर जताए जा रहे संदेह के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. हालांकि हत्या के पीछे की मुख्य वजह अभी सामने नहीं आई है और न ही हमलावरों की पहचान हो पाई है. DSP सुमन जायसवाल का कहना है कि मामले की लगातार जांच की जा रही है, जैसे ही कोई जानकारी सामने आती है, उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.