Raipur: पीठ में दागी सिगरेट.. 3 साल के बच्चे को सगी मां और सौतेले पिता ने बेरहमी से पीटा, मासूम का हाथ फ्रैक्चर
रायपुर
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. पूरा मामला रायपुर के तरुण नगर इलाके का है. यहां तीन मासूम बच्चों के साथ मारपीट और खाना नहीं देने का आरोप लगा है. हैरानी की बात तो यह है कि, मारपीट का आरोप सगे रिश्तों पर ही लगा है. बच्चों को जन्म देने वाली सगी मां अन्नू देवी और सौतेले पिता राजा दीप पर बच्चों को प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप है.
पड़ोसियों को शक भी हुआ था
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक,परिवार के तीनों बच्चों के साथ लगातार बुरा व्यवहार किया जा रहा था. बच्चों को समय पर खाना नहीं दिया जाता था और छोटी-छोटी बातों पर पीटा जाता था. बच्चों के शरीर पर चोट के निशान देखकर पड़ोसियों को शक हुआ.
6 साल की बच्ची ने बताई आपबीती
मामला तब सामने आया जब 6 साल की लक्ष्मी ने रोते हुए मोहल्लेवालों को अपनी आपबीती बताई. उसने बताया कि घर में मां और सौतेले पिता उन्हें मारते हैं और खाना नहीं देते. बच्ची की बात सुनकर मोहल्लेवासी हैरान रह गए. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. इस प्रताड़ना में सबसे ज्यादा नुकसान 3 साल के मासूम रोहित को हुआ है. रोहित का हाथ फ्रैक्चर हो गया है. उसके चेहरे और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं. यही नहीं बच्चे की पीठ में सिगरेट के दाग भी मिले हैं. बच्चे की हालत देखकर पड़ोसी भी भावुक हो गए. रोहित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पड़ोसियों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
पड़ोसियों की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बच्चों की हालत देखी और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने मां अन्नू देवी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, सौतेला पिता राजा दीप मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की है. बाल कल्याण समिति को भी इस मामले की जानकारी दी गई है. आगे बच्चों की देखभाल और सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे.