रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट, 4 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड

CG News: रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर की गई जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया.
The Food Department has suspended the licenses of 4 shops.

खाद्य विभाग ने 4 दुकानों का लाइसेंस किया सस्‍पेंड

CG News: रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर की गई जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान गंदगी और खाद्य सामग्री के रखरखाव में खामियां मिलने पर करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया. विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित करते हुए कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं.

तेलीबांधा की तीन दुकानों और रायपुर ढाबा में मिली खामियां

यह कार्रवाई विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में की गई. टीम ने तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका के रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया. जांच के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली. खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने में भी लापरवाही पाई गई. इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही मिठाई और पनीर को नष्ट करवाया.

खोवा, पनीर और मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे

निरीक्षण के दौरान टीम ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए. इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

निरीक्षण टीम में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस कार्रवाई के दौरान उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव एवं डोमेन्द्र ध्रुव मौजूद रहे. विभाग ने बताया कि शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा.

ये भी पढे़ं- CG News: प्‍लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में बन रहा था एनालॉग पनीर, खाद्य विभाग ने साढ़े 6 क्विंटल किया जब्त

ज़रूर पढ़ें