न्यूजीलैंड दौरे पर नहीं मिली जगह, अब रणजी मैच से भी बाहर हुए मोहम्मद शमी, जानें वजह

Mohammed Shami: न्यूजीलैंड दौरे के लिए चयन न होने के बाद अब तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी में सर्विसेज के खिलाफ मुकाबले से भी बाहर हो गए हैं.
Mohammed Shami

मोहम्मद शमी

Mohammed Shami: भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बाद भी उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है. हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया गया, जिसमें उनका नाम शामिल नहीं था. न्यूजीलैंड दौरे के लिए चयन न होने के बाद अब शमी रणजी ट्रॉफी में सर्विसेज के खिलाफ मुकाबले से भी बाहर हो गए हैं. शमी की गैरमौजूदगी को लेकर कई तरह के सवाल उतने शुरू हो गए हैं.

रणजी मैच से बाहर हुए मोहम्मद शमी

दरअसल न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के कुछ ही घंटों बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी रणजी मैच से भी बाहर हो गए. रणजी ट्रॉफी में बंगाल की ओर से खेलने वाले शमी सर्विसेज के खिलाफ मैच की प्लेइंग 11 से बाहर थे. उनकी गैरमौजूदगी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. इन सब के बीच बंगाल के कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने साफ कर दिया है कि शमी पूरी तरह से फिट हैं. लेकिन सर्विसेज के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने खुद आराम की मांग की थी, जिसके चलते उन्हें प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाया गया.

रणजी मैच से क्यों बाहर हुए शमी

पहले मैच की पहली पारी में 4 विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जब दूसरे मैच में मैदान पर नहीं दिखे, तो उन्हें लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे. हालांकि बंगाल के कोच ने अपने बयान से तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है. लक्ष्मी रतन शुक्ला ने बताया कि शमी बिल्कुल फिट हैं, उन्हें आराम दिया गया है.

चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से बाहर शमी

मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था. इसके बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. शमी लगातार घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी फिटनेस को साबित कर रहे हैं. लेकिन, बावजूद इसके उन्हें हर बार नजरअंदाज किया जा रहा है.

ज़रूर पढ़ें