Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, कल इन शहरों में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
छत्तीसगढ़ मौसम
Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों तथा कॉलेजों में 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया है. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया है. मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है.
प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है. रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
बिलासपुर और महासमुंद में भी स्कूलों की छुट्टी
मौसम की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शासकीय और गैर-शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की है. महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने भी जिले के सभी स्कूलों में अवकाश का आदेश जारी किया है. इससे पहले बुधवार को बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों के अलावा दुर्ग, धमतरी और गरियाबंद में भी स्कूल बंद रहे. वहीं सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी कल स्कूल बंद रहेंगे. सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, एमसीबी सहित सभी जिलों के कलेक्टर और DEO ने आदेश जारी किया.
रायपुर प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर राहत और बचाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, बिजली विभाग, नगरीय निकाय और पंचायतों के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
नदी-नालों और निचले इलाकों पर नजर
प्रशासन ने नदी-नालों, निचले इलाकों, कमजोर भवनों, पेड़ों और बिजली लाइनों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने को कहा गया है. लोगों से अनावश्यक बाहर नहीं निकलने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है. सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है.
अंबिकापुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, अंबिकापुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा.
ये भी पढे़ं- Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तुफान का असर! बस्तर में बारिश से बढ़ी चिंता, 28 अक्टूबर को स्कूलों की छूट्टी