मालिक के घर से नौकरानी ने चुराए सोने के जेवर, सोशल मीडिया की एक फोटो ने खोल दी पूरी ‘पोल’
Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपने ही मालिक के घर से जेवरात की चोरी करने वाली नौकरानी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी पूरी 'पोल' सोशल मीडिया पर अपलोड हुई फोटो से खुली.
सोशल मीडिया ने खोली पोल
Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा हो गया है. पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में सोशल मीडिया पर हुई एक पोस्ट के जरिए खुलासा कर दिया. इस पूरे मामले में सबसे अहम सुराग सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक फोटो साबित हुई, जिसमें घरेलू कामकाज करने वाली महिला चोरी के जेवर पहनकर नजर आई. इसी छोटे से क्लू के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.
क्या है पूरा मामला?
- ASP मणिशंकर चंद्र ने बताया कि प्रार्थी राहुल जैन ने घर से सोने-हीरे के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी.
- रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 331(4) और 305(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई.
- पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के साथ-साथ सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी.
- जांच के दौरान पुलिस को एक फोटो मिली, जिसमें संदिग्ध महिला साड़ी और आभूषणों पहने दिखाई दी.
- जब आभूषणों का मिलान किया गया तो वे चोरी गए जेवरों से मेल खाते पाए गए.
- इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली.
- आरोपी की पहचान कविता देशलहरे (36 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई के रूप में हुई है.
- वह पहले से ही राहुल जैन के घर में काम करती थी और घर की परिस्थितियों से परिचित थी.
- विश्वास का फायदा उठाकर उसने करीब 20 लाख रुपए के आभूषण चुरा लिए थे.
- पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरे जड़ी सोने की चैन, दो मंगलसूत्र, एक नेकलेस, दो जोड़ी झुमके, चांदी का करधन, बड़ी और छोटी पायल तथा दो बिछिया बरामद कर जब्त किए हैं.