Durg News: अफीम की खेती मामले में प्रशासन का बड़ा एक्शन, BJP नेता विनायक ताम्रकार के भाई की दुकान पर चला बुलडोजर
Durg: दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया. इस कार्रवाई के तहत भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध रूप से बनी दुकान को जमींदोज कर दिया गया. तहसीलदार क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया.
BJP नेता विनायक ताम्रकार के भाई की दुकान पर चला बुलडोजर
दुर्ग तहसीलदार क्षमा यदु ने बताया कि ग्राम समोदा की शासकीय भूमि खसरा नंबर 778, लगभग 32 डिसमिल जमीन पर बृजेश ताम्रकार द्वारा पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध रूप से कब्जा कर दुकान संचालित की जा रही थी. इस मामले में तहसील न्यायालय से पहले ही बेदखली का आदेश जारी हो चुका था, लेकिन लंबे समय तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया था. ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा भी लगातार इस अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन को दी जा रही थी. जिला प्रशासन द्वारा बेदखली वारंट जारी होने के बाद आखिरकार आज राजस्व अमले ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को हटाते हुए दुकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. जैसे ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई, आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि इन दिनों समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस ने इस मामले में पहले ही भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और करीब 8 लाख रुपये की अफीम जब्त की है. पुलिस द्वारा अवैध अफीम की फसल को काटकर नष्ट करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है. दुर्ग तहसीलदार क्षमा यदु ने स्पष्ट किया कि ग्राम समोदा में विनायक ताम्रकार का कोई अवैध प्लॉट नहीं पाया गया है, बल्कि उनके भाई बृजेश ताम्रकार द्वारा किए गए अतिक्रमण पर ही यह कार्रवाई की गई है. प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.