सक्ती के वेदांता पावर प्लांट हादसे पर दीपक बैज ने उठाए सवाल, बोले- हर तीन महीने में हादसा होना चिंताजनक

CG News: दीपक बैज ने हादसे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सबसे बड़ा सवाल है कि हर तीन महीने में लगातार प्लांटों में बड़े-बड़े हादसे हो रहे हैं जो चिंताजनक है. कई मजदूरों की जान लगातार जा रही है. मजदूर घटनाओं में मारे जा रहे हैं.
CG News

PCC चीफ दीपक बैज

CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को दर्दनाक हादसा हो गया. बॉयलर फटने से 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस हादसे पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि हर तीन महीने में इस तरह की घटना होना चिंताजनक है.

दीपक बैज ने क्या कहा?

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने इस हादसे के बारे में कहा कि सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में बड़े हादसे की खबर आ रही है. इस हादसे में 8 से अधिक मजदूरों की मौत और 50 से ज्यादा मजदूरों के घायल होने की खबर आ रही है. घायलों को जल्द ही स्वास्थ्य लाभ मिलना चाहिए. मृतक मजदूरों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.

हादसा या घटना – दीपक बैज

दीपक बैज ने हादसे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सबसे बड़ा सवाल है कि हर तीन महीने में लगातार प्लांटों में बड़े-बड़े हादसे हो रहे हैं जो चिंताजनक है. कई मजदूरों की जान लगातार जा रही है. मजदूर घटनाओं में मारे जा रहे हैं. उनकी सुरक्षा खतरे में है. उन्होंने आगे कहा कि जब से ये सरकार बनी है, लगातार तीन महीने से बड़ी-बड़ी घटनाएं हो रही हैं. 8 से 10 मजदूरों की मौत हुई. इसका जिम्मेदार कौन है? सरकार से सीधा सवाल है कि ये हादसा है या हत्या. इस मामले की जांच होनी चाहिए. कहीं ना कहीं गंभीर लापरवाही की जा रही है.

10 सदस्यीय जांच दल गठित

कांग्रेस ने वेदांता पावर प्लांट की जांच के लिए 10 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. इस समिति की अध्यक्षता जय सिंह अग्रवाल करेंगे. कमेटी घटनास्थल का दौरा करेगी. पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात करेगी. इसके बाद जांच की रिपोर्ट पीसीसी को सौंपेगी.

ये भी पढ़ें: CG News: दुर्ग में अफ्रीकी स्वाइन फीवर का प्रकोप, प्रशासन ने 21 गांवों और 5 वार्डों को इन्फेक्टेड घोषित किया

आर्थिक सहायता का ऐलान

हादसे के बारे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है. उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है. इसके साथ ही हादसे में घायल हुए श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके.

ज़रूर पढ़ें