CG News: दुर्ग में अफ्रीकी स्वाइन फीवर का प्रकोप, प्रशासन ने 21 गांवों और 5 वार्डों को इन्फेक्टेड घोषित किया
अफ्रीकी स्वाइन फीवर का प्रकोप
CG News: दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुड़पार में अफ्रीकी स्वाइन फीवर के संक्रमण से 300 से अधिक सुअरों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. प्रशासन ने मुड़पार से लगे 21 गांवों और 5 वार्डों को इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित किया है. कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि प्रभावित फार्म से 1 किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड जोन और 1 से 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलांस जोन में रखा गया है. यह आदेश आगामी 6 महीने या अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा.
राज्य में पहला बड़ा मामला
आपको बता दें कि यह राज्य में पहला मामला है, जहां इतनी बड़ी संख्या में सुअर एएसएफ से संक्रमित पाए गए हैं. संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए कुछ सुअरों की मौत हुई, जबकि अन्य संक्रमित सुअरों को नियंत्रित करने के लिए उन्हें जहरीला इंजेक्शन देकर मारना पड़ा. संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए वैज्ञानिकों की टीम विस्तृत जांच और सर्वे करेगी.
सर्विलांस जोन में 21 गांव और 5 वार्ड शामिल
सर्विलांस जोन में नारधा, मोहंदी, ओखरा, चेटूवा, खेरधी, ढौर, रिगंनी, मुरमुदा, कंडरका, सेमरिया, नंदौरी, हिंगनाडीह, गोढ़ी, ढाबा, अछोटी, दादर, बोरसी, लिमतरा, मुर्रा, खेदामारा, जामूल और सूरडूंग (वार्ड 1 से 5) शामिल हैं. प्रशासन ने इन्फेक्टेड जोन से सुअरों और उनसे जुड़े उत्पादों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है.
बाजार हुए बंद नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
इसके अलावा सर्विलांस जोन में सुअर बाजार, दुकानें और डोर-टू-डोर डिलीवरी सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गई हैं. कलेक्टर ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता और पशु रोग नियंत्रण अधिनियम 2009 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- इंदौर से लाकर रायपुर के मेडिकल में खपा रहे थे नकली दवाइयां, ड्रग विभाग की जांच में रैकेट का हुआ खुलासा