CG News: 3 घंटे बिजली गुल, पसीने में परीक्षा देने को मजबूर छात्र, राजनांदगांव में 12वीं बोर्ड के दौरान फिर उजागर हुई अव्यवस्था
सांकेतिक तस्वीर
CG News: राजनांदगांव जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है. स्टेट हाई स्कूल सहित कई परीक्षा केंद्रों में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगातार बिजली गुल रही, जिसके चलते भीषण गर्मी में छात्र-छात्राओं को बिना पंखे के परीक्षा देने को मजबूर होना पड़ा.
केंद्र पर जनरेटर या इन्वर्टर भी उपलब्ध नहीं
परीक्षा कक्षों में उमस और गर्मी के कारण छात्र-छात्राएं पसीने से तर-बतर हालत में उत्तर पुस्तिका लिखते नजर आए. सबसे चिंताजनक तथ्य यह रहा कि किसी भी केंद्र पर वैकल्पिक व्यवस्था जैसे – जनरेटर या इन्वर्टर उपलब्ध नहीं थी, जो प्रशासनिक तैयारी की पोल खोलता है.
3 घंटे बिजली गुल ने खोली अव्यवस्था की पोल
इस मामले में पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पहले पेपर लीक और अब परीक्षा के दौरान 3 घंटे बिजली गुल यह दर्शाता है कि प्रशासन पूरी तरह विफल हो चुका है. छात्रों को ऐसी प्रतिकूल परिस्थितियों में परीक्षा देने के लिए मजबूर करना घोर अन्याय है.”
उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली सहित आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं. उनका कहना है कि परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में इस तरह की अव्यवस्था छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है.
ये भी पढे़ं- CG News: मजिस्ट्रेट को परिवार समेत जान से मारने की धमकी, 3 करोड़ की मांगी फिरौती, नक्सल संगठन के नाम से भेजा लेटर