Bastar Natwarlal Arrested Again: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में लंबे समय से फरार अपराधी महेंद्र दीवान उर्फ ‘नटवरलाल’ को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. महेंद्र दीवान 25 मार्च 2026 को जगदलपुर केंद्रीय जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था. करीब तीन महीने बाद कोतवाली पुलिस ने उसे नारायणपुर में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी तलाश बंद कर दी है.
विशेष पुलिस टीम ने ‘नटवरलाल’ को किया गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. आरोपी के बारे में सूचना मिलते ही एक विशेष टीम को नारायणपुर भेजा गया, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर महेंद्र दीवान उर्फ ‘नटवरलाल’ को गिरफ्तार करा लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
‘नटवरलाल’ के खिलाफ पहले से 7 मामले दर्ज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महेंद्र दीवान दंतेवाड़ा जिले के चितालंका कलारपारा का निवासी है और उसकी उम्र 25 वर्ष है. उसके खिलाफ बस्तर, दंतेवाड़ा और कांकेर जिलों में पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. अधिकारियों का कहना है कि जेल से फरार होने के बाद उसकी पहचान एक शातिर अपराधी के रूप में और अधिक चर्चित हो गई. इसी वजह से उसे बस्तर इलाके में ‘बस्तर का नटवरलाल’ कहा जाता है.
जेल की दीवार फांदकर हुआ था फरार
जानकारी के अनुसार, 25 मार्च की शाम महेंद्र दीवान फिल्मी अंदाज में पुरुष बैरक से निकलकर महिला बैरक के पास बनी एक छोटी दीवार फांदकर जेल से फरार हो गया था. जब दूसरे कैदिओं ने उसे भागते हुए देखा तो उन्होंने शोर मचाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह आसानी से भाग गया. इस घटना के बाद जगदलपुर केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए थे.
रायपुर केंद्रीय जेल भेजने की थी तैयारी
खबरों के अनुसार, पुलिस को पहले से आशंका थी कि महेंद्र दीवान जेल से फरार हो सकता है, क्योंकि वह इससे पहले भी कई बार भागने की कोशिश कर चुका था. इसी कारण उसे रायपुर केंद्रीय जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी. फाइल और आदेश जारी होने से पहले ही वह जगदलपुर केंद्रीय जेल से फरार हो गया. इस घटना ने जगदलपुर जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. अब आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया है.
