CG News: जंगल में जमीन के अंदर दबा माओवादियों का खजाना बरामद, 4.29 करोड़ का सोना और 24.22 लाख नकद जब्त
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. भैरमगढ़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास के घने जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से करोड़ों रुपए का सोना और भारी मात्रा में नकदी बरामद की है.
जमीन खोदकर निकाला गया नक्सलियों का डंप
मिली जानकारी के अनुसार, डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली थी. इसी दौरान इंद्रावती नदी के तटीय जंगल में जमीन के नीचे छिपाए गए एक संदिग्ध डंप का पता चला. सुरक्षाबलों ने सावधानीपूर्वक खुदाई कर डंप को बाहर निकाला, जिसमें से 3.84 किलोग्राम सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद हुए.

प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ एवं बीडीएस टीम द्वारा थाना भैरमगढ़ से लगभग 08-10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर सर्चिंग अभियान चलाया गया.
सर्चिंग अभियान के दौरान बीडीएस टीम द्वारा डिमाइनिंग एवं तलाशी की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया. डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 33 नग सोने के बिस्किट, प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला कुल 330 तोला (3.84 किलोग्राम) जिसकी अनुमानित कीमत 4,29,00,000 (चार करोड़ उनतीस लाख रुपए) तथा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 के नोटों के रूप में कुल 24,22,500 (चौबीस लाख बाईस हजार पांच सौ रुपये) नगद राशि बरामद हुई.
DRG, STF, CoBRA और CRPF के संयुक्त प्रयासों से की जा रही लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप जिला बीजापुर क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न स्थानों से बरामद माओवादी डम्प से अब तक कुल 8,24,33,300/- (आठ करोड़ चौबीस लाख तैतीस हजार तीन सौ रुपये) नगद राशि एवं 12.34 किलोग्राम सोना बरामद की जा चुकी है.


