10 डिसमिल जमीन के लिए पिता पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, 90% झुलसा बुजुर्ग

बिलासपुर. महज 10 डिसमिल जमीन के लिए बेटे ने अपने 76 वर्षीय पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की. पहले लोहे के हथियार से हमला किया, फिर शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. दो दिन पहले ही आरोपी पत्नी के साथ घर पहुंचा था और पिता व बहन की हत्या करने की धमकी देकर […]
delhi Crime News

बिलासपुर. महज 10 डिसमिल जमीन के लिए बेटे ने अपने 76 वर्षीय पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की. पहले लोहे के हथियार से हमला किया, फिर शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. दो दिन पहले ही आरोपी पत्नी के साथ घर पहुंचा था और पिता व बहन की हत्या करने की धमकी देकर गया था. घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है.

 ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट (76) के पास कुल 30 डिसमिल जमीन है. इसका 10-10 डिसमिल के तीन बराबर हिस्सों में बंटवारा होना था. एक हिस्सा विश्राम के पास रहना था, जबकि बाकी दो हिस्से बेटे आशाराम और बेटी दुरपति बाई को मिलने थे. आशाराम इसी बंटवारे को लेकर नाराज था. वह बार-बार पिता के पास पहुंचकर जमीन का हिस्सा मांगता और उन्हें धमकी देता था. बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे वह दोबारा पहुंचा तो पिता घर में अकेले थे.

बेटी दुरपति कुछ देर के लिए पड़ोस में गई थी, जबकि दामाद गंगा प्रसाद काम से बाहर था. पोती सीमा (9) ने मां को मामा के आने की जानकारी दी. दुरपति घर पहुंची. इसी बीच आरोपी ने पिता पर हमला कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. दुरपति बाहर निकली तो पिता धू-धू कर जल रहे थे और इधर-उधर भाग रहे थे. उसने घर के भीतर से पानी लाकर आग बुझाई. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर पिता को सिम्स पहुंचाया. सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह के मुताबिक विश्राम 90 फीसदी झुलस चुका है.

पत्नी की मौत के बाद बेटी-दामाद थे सहारा

विश्राम के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं. उनकी पत्नी और एक बेटे परसु की 12 साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा 15 साल से लापता है. बड़ा बेटा आशाराम पत्नी-बच्चों के साथ ससुराल में रहता था. उम्र अधिक होने पर विश्राम ने बेटी दुरपति बाई और दामाद गंगा प्रसाद को साथ रखा था. जमीन बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दो साल पहले विश्राम ने बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत की थी. दामाद के मुताबिक, आरोपी ने दो दिन बाद लौटकर पिता और बहन की हत्या करने की धमकी दी थी.

बेटी के बयान पर हत्या के प्रयास की धारा

सीपत पुलिस के मुताबिक घटना के बाद परिजन विश्राम को अस्पताल ले गए थे. सूचना मिलने पर पुलिस सिम्स पहुंची. विश्राम बयान देने की स्थिति में नहीं है. बेटी के बयान के आधार पर फिलहाल हत्या प्रयास की बीएनएस की धारा 109 के तहत कार्रवाई की गई है. आरोपी की तलाश जारी है. 

ज़रूर पढ़ें