ISI का संदिग्ध छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार, पंजाब का रहने वाला है; पाकिस्तान से हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की थी साजिश
पुलिस ने आईएसआई के संदिग्ध को जांजगीर चम्पा से गिरफ्तार किया है.
CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले से पुलिस ने आईएसआई के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. आरोपी अकलतरा थाना क्षेत्र में किराए के कमरे पर रह रहा था. पुलिस के किराएदार सत्यापन चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी पकड़ा गया. जब पुलिस ने जरूरी दस्तावेज मांगे तो आरोपी उपलब्ध नहीं करवा पाया. इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी के लिंक आईएसआई से जुड़े होने की बात सामने आई.
20 दिनों से जानकारी ISI को भेज रहा था
शुरुआती जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी सेवक सिंह पंजाब का रहने वाला है. आरोपी के तार पाकिस्तान के आईएसआई, सऊदी अरब, मैक्सिको से जुड़े मिले हैं. अकलतरा में पिछले 20 दिनों से रहकर यहां के प्लांट में ठेकेदारी में काम करते ISI को मोबाइल से जानकारी भेज रहा था. इससे पहले वह बिलासपुर के सीपत NTPC में काम करता था. पुलिस ने सेवक सिंह के मोबाइल को जब्त किया है और सायबर सेल ने बारीकी से जांच के लिए भेज दिया है. प्रारम्भिक तौर पर मोबाइल पर अनेक चैट, व्हाइस कॉल के डिटेल मिले हैं. अब इस मामले को पुलिस, रायपुर ATS को सौंपेगी.
मोबाइल से भारत विरोधी कंटेंट मिला
एसपी विजय पांडेय ने बताया कि पाकिस्तान की आईएसआई सोशल मीडिया के जरिए यहां के बेरोजगार युवाओं को टारगेट करती है. कई संदिग्ध भी पहचान छिपाकर शहर में रहते हैं. इसको लेकर पुलिस सतर्क रहती है. पुलिस अभियान चलाकर किराएदारों का सत्यापन कर रही थी. इसी दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. जब पूछताछ की गई तो पता चला कि आरोपी सेवक सिहं के पाकिस्तान की आईएसआई समेत कई विदेशों से संपर्क हैं. सेवक सिंह के घर से नशे का सामान मिला. भारत विरोध नेटवर्क से उसके संबंध हैं. सोशल मीडिया पर भी वह कई विदेशी संदिग्धों से जुड़ा हुआ था. भारत विरोधी कंटेंट मिलने पर उसको हिरासत में लिया. आरोपी यहां की और इसके पहले सीपत NTPC में जहां काम करता था, वहां की लोकेशन पर उसने पाकिस्तान भेजी है.
बताया जा रहा है कि आरोपी को ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार लेने थे. इसके बाद यहां टारगेट किलिंग की साजिश थी. एसपी विजय पांडेय ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अगर किसी भी किराएदार को घर में रखते हैं तो उसकी सूचना निकट थाने को जरूर दें. नियम के तहत किराएदार रखने पर पुलिस को जानकारी देने के लिए बाध्य हैं.
ये भी पढ़ें: Korba: बंदूक की नोक पर दिनदहाड़े व्यापारी का अपहरण, पुलिसकर्मी बताकर बताकर आरोपियों साजिश को दिया अंजाम